जांजगीर चांपा जिले से कार में पहुंचे आरोपियों ने वारदात को दिया था अंजाम
लखनपुर। नगर के स्वयं भू शिव मंदिर प्रांगण में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा सुनने पहुंची 5 महिलाओं के गले से सोने का चैन और मंगलसूत्र चोरी करने के मामले में लखनपुर पुलिस ने 9 महिला-पुरूषों को गिरफ्तार करते न्यायिक रिमांड पर भेजा है। इनसे घटना में प्रयुक्त दो स्विफ्ट कार जप्त किया गया है।
जानकारी के मुताबिक निर्मला वर्मा पति स्व. अनिल वर्मा 63 वर्ष, निवासी लखनपुर वार्ड क्रमांक 6 ने थाना लखनपुर में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि 27 सितंबर की शाम को वह भागवत कथा सुनने अपने परिचित खुशबू साहू और परमेश्वरी साहू के साथ शिव मंदिर प्रांगण में गई थी। कथा के समापन उपरान्त प्रसाद वितरण दौरान भीड़ का फायदा उठाते हुए उनके गले से व खुशबू साहू, परमेश्वरी साहू, संतोषी देवी, किरण अग्रवाल के गले से सोने का चैन, मंगलसूत्र अज्ञात लोगों ने चोरी कर लिया। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज करके विवेचना में लिया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदेही महिलाओं के वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल किया गया, जिसमें से दो संदेही महिलाओं के बारे में सूचना मुखबिर से पुलिस को मिली। पुलिस ने दोनों महिलाओं को थाने तलब किया। संदेही महिला ने अपना नाम रेनू धमदे, रेणु परहोले निवासी पीपर सत्ती बताया। पीपर शक्ति की और महिलाओं की पहचान के बाद सभी को थाना अकलतरा तलब किया गया। घटना के संबंध में पूछताछ करने पर इन्होंने अपराध करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी महिला रेनू धमदे पति महादेव धमदे 45 वर्ष, मंजू बाई पति कन्हैयालाल 47 वर्ष, हसीना बाई पति नारायण 60 वर्ष, चिरैया बाई पति अजय कुमार 37 वर्ष, सुनीता बाई पति उत्तम कुमार 42 वर्ष, उत्तम कुमार पिता राजीव राय 45 वर्ष, संजू पति नंदलाल 50 वर्ष निवासी पीपरसती थाना अकलतरा जिला जांजगीर चांपा निवासियों को गिरफ्तार कर मंगलवार को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार क्रमांक सीजी 11 बीके 7505 व सीजी 11 बीएच 0428 जप्त किया गया है। आरोपियों के द्वारा जेवरात को बिक्री कर देने की जानकारी दी गई है, जिसमें से प्राप्त रकम में से 2500 रुपये पुलिस ने बरामद किया है। पूरी कार्रवाई में लखनपुर थाना प्रभारी अश्वनी सिंह, प्रधान रक्षक रवि सिंह, प्रवीण चंद्र तिवारी, गणेश कदम, आरक्षक दशरथ राजवाड़े, जितेंद्र शांडिल्य, उमाशंकर साहू, जानकी राजवाड़े, महिला आरक्षक मनिता तिग्गा, प्रियंका सक्रिय रहे।

Categorized in: