अंबिकापुर। पुलिस के द्वारा सड़क सुरक्षा-जीवन रक्षा अभियान को साकार करने व वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जवाबदेह बनाने के लिए जहां एक ओर ताबड़तोड़ कार्रवाई करने में लगी है, वहीं दो दिन में हुए छह सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई। दो युवक घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक बलरामपुर-रामानुजगंज जिला के बसंतपुर थाना अंतर्गत ग्राम करमडीहा निवासी राजेश कुमार सिंह पिता समल कुमार सिंह 17 वर्ष, बीते आठ मार्च को दोपहर करीब दो बजे अपने भाई पपी सिंह के साथ मोटरसाइकिल में शिवरात्रि मेला देखने के लिए बसंतपुर जाने निकला था। मोटरसाइकिल राजेश चला रहा था। बसंतपुर पहुंचने पर जमई मोड़ में मोटरसाइकिल अनियंत्रित होने से दोनों गिर गए। हादसे में राजेश को गंभीर चोटें व पपी सिंह को मामूली चोट पहुंची थी। इन्हें संजीवनी 108 से वाड्रफनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां से प्राथमिक चिकित्सा के बाद रेफर करने पर राजेश को मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया गया था, इलाज के दौरान रात 8.45 बजे उसकी मौत हो गई। दूसरी घटना में सूरजपुर जिला के भैयाथान थाना अंतर्गत ग्राम सत्यनगर के दो युवकों की मौत हो गई। गौतम पैकरा पिता कुंतेलाल पैकरा 18 वर्ष अपने दोस्त राकेश पैकरा के साथ मोटरसाइकिल में महाशिवरात्रि के मौके पर सारासोर दर्शन करने के लिए गया था। यहां से वापस आते समय ग्राम पकनी में चार पहिया वाहन क्रमांक सीजी 16 बी 2414 से इनकी टक्कर हो गई। स्वजन भैयाथान स्वास्थ्य केंद्र से प्राथमिक चिकित्सा के बाद रेफर करने पर दोनों को अंबिकापुर लेकर पहुंचे। दोनों को शहर के निजी अस्पताल में अलग-अलग लेकर स्वजन पहुंचे, यहां जांच, उपचार के बीच चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। तीसरे मामले में मणिपुर थाना अंतर्गत ग्राम थोर निवासी सिद्धार्थ कुमार सोनवानी 21 वर्ष की इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक अपने साथी विकास के साथ दिन में 11.30 बजे मेडिकल कॉलेज की ओर जा रहा था। गंगापुर मुख्य मार्ग में एटीएम के पास मोटरसाइकिल से अनियंत्रित होकर दोनों गिर गए। दुर्घटना की सूचना मिलने पर स्वजन मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे तो सिद्धार्थ बातचीत नहीं कर रहा था। बेहोशी की हालत में उसका इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान 1.30 बजे वह दम तोड़ दिया। स्वजन ने साथी पर कुछ आरोप लगाए हैं। पुलिस अपने स्तर पर तहकीकात में लगी है। अन्य मामलों में सूरजपुर जिले के जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम द्वारिकानगर का भजन कोरवा पिता मनोहर कोरवा 25 वर्ष, नौ मार्च को सुबह 10.30 बजे अज्ञात कार की ठोकर से घायल हो गया था। उसे 11 बजे मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, लेकिन उसकी रास्ते में ही मौत हो गई थी। लुंड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम लमगांव का सुमेन बाबू पिता विजय दास 18 वर्ष नौ मार्च को सुबह 10 बजे सोनाईचंद के साथ स्कूटी में सवार होकर घर ग्राम रामपुर की ओर जा रहा था। स्कूटी सुमेन चला रहा था। लालमाटी पांच मील घाट के पास स्कूटी सवारों को कार क्रमांक सीजी 15 डीटी 4177 का चालक ठोकर मार दिया। दोनों को घायल अवस्था में मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, यहां सुमेन इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, सोनाईचंद का इलाज चल रहा है। पुलिस ने मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजनों को सौंप दिया है।  

घायल अवस्था में पड़ा रहा रात भर, इलाज दौरान हुई मौत
लुण्ड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम चिरंगा निवासी मिश्रा पिता सदस राम 30 वर्ष की सड़क हादसे में घायल हो गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक आठ मार्च की रात लगभग 10-11 बजे से खाराकोना मुख्य मार्ग में बेहोशी की हालत में पड़ा था। पूरी रात वह उसी हालत में पड़े रह गया। नौ मार्च की सुबह खाराकोना के मुर्तुजा नामक व्यक्ति ने उसे देखा और बरगीडीह स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। यहां से रेफर करने पर स्वजन उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लेकर पहुंचे, यहां इलाज के दौरान शनिवार को दोपहर 12.45 बजे उसकी मौत हो गई। युवक कैसे घायल हुआ, यह अस्पष्ट है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया है।

Categorized in: