ट्रेलर की चपेट में आया बाइक सवार अपनी बड़ी मां को लेकर जन्मदिन में शामिल होने आ रहा था, वहीं पिकअप की चपेट में आने से एक राहगीर की मौत, दोनों हादसे में तीन घायलों का चल रहा उपचार  

बलरामपुर। बलरामपुर जिला के राजपुर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 343 में हुए दो सड़क हादसे में एक महिला सहित चार लोगों की मौत हो गई, तीन लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। पहला सड़क हादसा देर रात भेड़ाघाट के पास हुआ, जहां ट्रेलर ने बाइक सवारों को चपेट में ले लिया, जिससे युवक व उसकी बड़ी मां के अलावा ट्रेलर चालक की मौत हो गई। ट्रक का क्लीनर घायल हो गया। दूसरी घटना में सब्जी मंडी के पास तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने पैदल जा रहे तीन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया, जिसमें एक युवक की मौत हो गई, दो घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक अंबिकापुर-रामानुजगंज राष्ट्रीय राजमार्ग में राजपुर व बलरामपुर के बीच भेड़ाघाट मोड़ पर ट्रेलर ने मोटरसाइकिल सवारों को टक्कर मार दी। झारखंड, गढ़वा निवासी मोटरसाइकिल क्रमांक जेएच 14 आई 2024 में रतन केसरी 32 वर्ष, अपनी बड़ी मां उषा देवी 60 वर्ष को लेकर रविवार की शाम मोटरसाइकिल से राजपुर में रहने वाले बबलू केसरी के यहां जन्मदिन के कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे थे। इसी दौरान ट्रेलर का चालक नियंत्रण खो दिया और मोटरसाइकिल सवारों को कुचलते ट्रेलर पेड़ से टकरा गई। जांच के बाद चिकित्सक ने मोटरसाइकिल सवारों को मृत घोषित कर दिया। रायपुर से लोहे का एंगल लेकर बिहार जाने निकला औरंगाबाद निवासी ट्रेलर क्रमांक बीआर 02 जीए 8161 का चालक बबलू यादव 35 वर्ष, पेड़ से भिड़ंत के बाद ट्रेलर में बुरी तरह से फंस गया था, जिसे दो घंटे की मशक्कत के बाद बमुश्किल बाहर निकाला गया। अस्पताल में उपचार के दौरान वह दम तोड़ दिया। ट्रेलर का क्लीनर अभय कुमार (22) गंभीर रूप से घायल हो गया। क्षेत्रीय अस्पताल से उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर भेजा गया है। दूसरी घटना में देर रात एक बजे पिकअप चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए देर रात लगभग एक बजे थाना से पैदल घर जा रहे 3 युवकों को चपेट में ले लिया, हादसे में मंजीत एक्का 34 वर्ष निवासी सीतापुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 लोगों के घायल होने की खबर है। देर रात ही घायलों को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रवाना किया गया। पुलिस मामले में केस दर्ज कर जांच, कार्रवाई कर रही है।

Categorized in: