मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सक ने मृत घोषित किया
अंबिकापुर। मां के साथ अस्पताल गए बच्चे की बोलेरो की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना से स्वजन में शोक का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक मानिकप्रकाशपुर निवासी दीपांश तिर्की पिता रंजीत तिर्की 01 वर्ष की मां बैजन्ती लखनपुर विकासखंड के ग्राम पटकुरा में स्थित शासकीय उप स्वास्थ्य केन्द्र में स्टाफ नर्स है। वह अपने छोटे बच्चे को लेकर ड्यूटी में अस्पताल आई थी। अस्पताल में मरीजों की सेवा के दौरान बच्चा दीपांश रोज की भांति खेल रहा था। खेलते-खेलते बाहर सड़क की ओर बच्चा आ गया, जिस पर किसी की नजर नहीं पड़ी। दोपहर लगभग 2.30 बजे तेज रफ्तार में आ रहे बोलेरो क्रमांक सीजी 15 बी 6295 के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चालन करते हुए बच्चे को बुरी तरह से चपेट में ले लिया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर स्टाफ नर्स बैजन्ती सहित अन्य लोग बाहर निकले तो बच्चा बेसुध हो गया था। इसकी सूचना वह अपने पति रंजीत तिर्की को फोन करके दी। अस्पताल में मरहम-पट्टी के बाद बच्चे को लेकर वे मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर पहुंचे, यहां जांच के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम बच्चे की मौत की पुष्टि से कोहराम की स्थिति बन गई। पुलिस ने बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंप दिया है।

Categorized in: