पत्रकारों के लिए आरक्षित भूमि के रकबे में कटौती
मांग पूरी नहीं होने पर करेंगे धरना-प्रदर्शन

अंबिकापुर। सरगुजा प्रेस के अध्यक्ष त्रिलोक कपूर कुशवाहा के नेतृत्व में प्रेस क्लब के सदस्यों ने शनिवार को प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के मंत्री टीएस सिंहदेव से मुलाकात कर अंबिकापुर में पत्रकारों के आवास के लिए आरक्षित भूमि के रकबे में नजुल अधिकारी के द्वारा भू-माफिया से मिलीभगत कर रकबे में कटौती करने की जानकारी दी। पत्रकारों ने इसकी जांच की मांग करते हुए तत्कालीन नजुल अधिकारी को तत्काल संभाग से बाहर हटाने की मांग की है।
स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव को पत्रकारों ने बताया कि पत्रकार गृह निर्माण समिति मर्यादित अंबिकापुर के लिए सरगुजा कलेक्टर द्वारा फुंदुरडिहारी (गोधनपुर) में स्थित शासकीय नजुल भूमि 3.60 एकड़ को आरक्षित करते हुए भूमि आबंटन की प्रक्रिया शुरू की गई थी। उक्त भूमि संस्था को आबंटित करने के लिए प्रकरण नजुल अधिकारी के अंबिकापुर न्यायालय में चला। उक्त शासकीय नजुल भूमि प्लाट नंबर 428, रकबा 3.60 एकड़ को पत्रकार गृह निर्माण समिति मर्यादित अंबिकापुर को आवासीय प्रयोजन हेतु आबंटित करने हेतु नजुल अधिकारी ने दावा-आपत्ति आमंत्रित किया, इस दौरान कोई भी दावा-आपत्ति प्राप्त नहीं हुई। निर्धारित तिथि पूरी होने के बाद एक व्यक्ति के नाम भूमि आबंटन को लेकर दावा-आपत्ति प्रस्तुत किया गया, जिसे अवैधानिक तरीके से नजुल अधिकारी द्वारा स्वीकार किया गया एवं दावा-आपत्ति कर्ता के पक्ष में उक्त भूखंड में से रकबा 1.56 एकड़ भूमि आरक्षित करने की कूटरचना कर दी। नजुल अधिकारी के द्वारा अवैधानिक तरीके से भूमि का रकबा कम करने को लेकर पत्रकारों ने भू-माफियाओं से मिलीभगत का अंदेशा जताया है। उक्त भूमि पर पूर्व में भू-माफियाओं द्वारा कब्जा करने की कोशिश भी की जा चुकी है। इसमें नूजल अधिकारी की भूमिका संदिग्ध है। प्रेस क्लब ने उक्त भूमि का रकबा कम करने की जांच करते हुए तत्कालीन नजुल अधिकारी का स्थानांतरण सरगुजा संभाग से बाहर करने व आरक्षित संपूर्ण भूमि पत्रकार गृह निर्माण समिति मर्यादित अंबिकापुर को आबंटित कराने की मांग स्वास्थ्य मंत्री से की है। स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव ने सरगुजा प्रेस क्लब को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। सरगुजा प्रेस क्लब के अध्यक्ष त्रिलोक कपूर कुशवाहा ने कहा कि यथाशीघ्र कोई कार्रवाई नहीं की जाती है, तो सरगुजा प्रेस क्लब, पत्रकार गृह निर्माण समिति के सदस्य जिला प्रशासन के विरूद्ध धरना-प्रदर्शन करेंगे।

Categorized in: