प्रक्रिया के विपरीत कार्यों की शिकायत पर इन्हें संबंधित हल्का से हटाया गया

बलरामपुर। सोशल मीडिया पर 16 दिसंबर की शाम महिला कर्मचारी पर प्रताडऩा के आरोप की खबरें वायरल हो रही हैं। इस संबंध में तात्कालिक अनुविभागीय अधिकारी राजस्व शशि चौधरी ने बताया कि हल्का ककना में पदस्थ पटवारी अनुमति पैकरा के द्वारा भू-माफियाओं से मिलकर 35 एकड़ जमीन की अवैध प्लाटिंग व तहसीलदार के हस्ताक्षर बिना जांच प्रतिवेदन अपलोड कर नामांतरण की शिकायत संज्ञान में आई थी, इसके लिए उन्होंने संबंधित तहसीलदार, पटवारी एवं वाचक को कारण बताओ नोटिस जारी किया। इन्होंने नोटिस का जवाब नीयत समय अवधि पर दिया, जो संतोषप्रद नहीं था। तत्संबंध में अग्रिम कार्रवाई करते हुए उन्होंने पटवारी को पूर्व हल्का से अलग कर दिया, जिससे जांच बाधित ना हो। चूंकि पटवारी अंबिकापुर से आना-जाना करती हैं और ककना अंबिकापुर के करीब बॉर्डर पर है इसलिए वह उसी हल्का में रहना चाहती है। ऐसे में वह अपने रसूख और निजता के अधिकार का दुरुपयोग करते हुए उन्हें बदनाम करने के उद्देश्य से प्रताडऩा का आरोप लगाई है, जो निराधार है। इसी तरह पटवारी बीना कुजूर की पूर्व पोस्टिंग ग्राम सिंगचौरा में थी, जहां वनग्राम से राजस्व ग्राम के सर्वेक्षण कार्य में शिकायत प्राप्त होने पर उन्हें संबंधित हल्का से हटाना नागवार गुजरा, इसलिए इनके द्वारा शिकायत की गई है। उक्त कृत्य से संबंधित अधिकारी की छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारी द्वारा अपना पक्ष रखते हुए बताया गया कि उन्होंने पटवारियों पर कार्रवाई नियमानुसार किया है। उन्होंने कहा संबंधितों के द्वारा लगाए गए आरोप निराधार हैं।

Categorized in: