बिश्रामपुर। क्षेत्र के ग्राम पंचायत गुमगरा कला में अवैध रूप से संचालित कोयला खदान में शनिवार को खनिज विभाग व पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से छापामार कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा कोयला जब्ती की गई। अधिकारियों द्वारा अवैध कोयला खदान में मिट्टी भराई का कार्य भी कराया गया। लखनपुर क्षेत्र में बड़े पैमाने पर कोयला तस्करी का कार्य पिछले कुछ दिनों से चल रहा है। सरगुजा कलेक्टर व आईजी से शिकायत के बाद हरकत में आए विभागीय अधिकारियों ने शनिवार को दिनभर मौके पर उपस्थित रहकर अवैध कोयला खदान के खिलाफ कार्रवाई की है।
गौरतलब है कि लखनपुर थाना क्षेत्र के गुमगरा कला, परसोढ़ी कला, खाल कछार, नागमाडा सहित आसपास इलाके में कोयला तस्करों द्वारा अवैध रूप से कोयला खदान संचालित किया जा रहा है। यहां पर कोयला तस्करी का अवैध कारोबार लंबे अरसे से संचालित है। सरगुजा कलेक्टर व रेंज के आईजी से ग्रामीणों द्वारा शिकायत कर कार्रवाई की मांग की गई थी। इसी तारतम्य में शनिवार को खनिज निरीक्षक विवेक साहू, लखनपुर थाना प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और छापामार कार्रवाई की। यहां जब अधिकारियों की टीम पहुंची तो भारी मात्रा में अवैध कोयला खदान देख कर उनके भी होश उड़ गए। अधिकारियों द्वारा तत्काल जेसीबी मंगाकर खालकछार में स्थित अवैध कोयला खदान में माटी पटवाने का कार्य किया गया। साथ ही यहां से करीब 50 टन अवैध कोयला की जब्ती भी की गई। खनिज निरीक्षक विवेक साहू ने बताया एक ही जगह की कार्रवाई में पूरा दिन लग गया। टीम द्वारा दूसरे दिन भी अवैध माइनिंग वाले स्थलों को बंद कराया जाएगा। लखनपुर से लगे एसईसीएल बिश्रामपुर के अमेरा खुली खदान के आसपास प्रचुर मात्रा में कोयला पड़ा है। यहां गुमगरा कला, खालकछार एवं परसोढ़ी, नागमाड़ा में घुटने भर की खुदाई में कोयला उपलब्ध हो जाता है, जिसका कोयला तस्कर फायदा उठाते हैं। अमेरा खदान के करीब पांच वर्षों से बंद होने के बाद से यह क्षेत्र कोयला तस्करों के लिए शरणस्थली बन चुका है। तथाकथित ईंट भ_ा संचालक पहुंच व पकड़ वाले तस्करों को अपने साथ मिलाकर कोयला तस्करी को अंजाम दे रहे हैं। खबर यह भी है कि यहां से रोजाना 6 से 7 ट्रक कोयला तस्करों द्वारा परिवहन कर अपने गोरखधंधे को अंजाम दिया जा रहा है। अवैध कारोबार में शामिल तस्कर जिले के पुलिस विभाग के एक उच्च अधिकारी को अपना रिश्तेदार बता बड़े पैमाने पर कोयले की तस्करी कराने में लगा है। लखनपुर पुलिस के द्वारा तस्करों को खुले आम संरक्षण देने का आरोप भी लोग लगा रहे हैं। रोजाना बड़ी मात्रा में अवैध खनन कर कोयला तस्करी से शासन-प्रशासन को रॉयल्टी के रूप में करोड़ों की क्षति का अनुमान है।
कुछ अवैध खदानों पर मेहरबानी
बताया जा रहा है कि शनिवार को की गई कार्रवाई के दौरान अधिकारियों के द्वारा परसोढ़ी व नागमाड़ा में स्थित कुछ अवैध कोयला खदानों पर मेहरबानी दिखाई गई। कार्रवाई नहीं होने से कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि उक्त अवैध कोयला खदानों में भी जल्द ही कार्रवाई करते हुए अवैध कारोबार पर पूरी तरह से अंकुश लगाया जाना चाहिए।

Categorized in: