हाइवा के चालक ने दो युवकों को कुचला, तीसरे को ट्रक ने मारी थी टक्कर

अंबिकापुर। सूरजपुर जिले में तीन अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में तीन युवकों की मौत हो गई, बाइक सवार दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। पहली घटना में हाइवा वाहन के चालक ने अलग-अलग बाइक में सवार दो युवकों को टक्कर मार कुचल दिया, दूसरे मामले में ट्रक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। तीसरे मामले में कार चालक ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मारा, जिसमेें दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का इलाज चल रहा है।


जानकारी के मुताबिक सूरजपुर जिले के लटोरी चौकी अंतर्गत ग्राम पंचायत रामेश्वरपुर निवासी 30 वर्षीय रामसेवक पिता रामप्रसाद उरांव, शनिवार को अपनी मां को अंबिकापुर नगर निगम में ड्यूटी पर छोड़कर बाइक क्रमांक सीजी 15 डीटी 8268 में घर लौट रहा था, वहीं ग्राम पंचायत कल्याणपुर निवासी आलोक पिता करमू सिंह 25 वर्ष बाइक क्रमांक सीजी 15 बीएफ 4730 गांव में ही घर से चौक की तरफ जा रहा था। इस दौरान हाइवा के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए दोनों बाइक सवारों को चपेट में ले कुचल दिया, जिससे दोनों बाइक सवारों की मौके पर ही मौत हो गई। एक अन्य मामले में भटगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सोनगरा में पेट्रोल पंप जा रहे ग्राम पंचायत हरिपुर, हाल-मुकाम सोनगरा निवासी सुनील सिंह पिता शिव कुमार गोड़ की बाइक को ट्रक क्रमांक सीजी 04 एलजी 7772 के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक चालक सुनील सिंह की भी मौके पर ही मौत हो गई। तीनों मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है।


कार से हुई टक्कर में बाइक सवार घायल-
ग्राम पंचायत जगतपुर निवासी राजकुमार सिंह पिता रामदयाल सिंह रविवार को ग्राम लटोरी ससुराल में मेहमानी करने ग्राम पंचायत कोटेया निवासी देव साय के साथ मोटरसाइकिल में पहुंचे थे। काम पूर्ण होने पर बाइक से वापस घर लौट रहे थे, तभी बनारस-अंबिकापुर मार्ग पर ग्राम पंचायत अनुजनगर में अंबिकापुर की ओर जा रही कार क्रमांक सीजी 16 सीएल 2640 में सवार जरही निवासी चालक ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। दुर्घटना में दोनों बाइक सवार को चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद देव साय को मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया गया है।

Categorized in: