प्रतापपुर। प्रतापपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत मदननगर की सोमारी ने एसडीएम प्रतापपुर को आवेदन देकर आत्मदाह करने की अनुमति मांगी है। आवेदन में उसने बताया है कि उसके पति स्व.चंदर की पैतृक भूमि में उसका व दो बेटियों का नाम सह खातेदार के रूप में न्यायालय तहसीलदार प्रतापपुर के उपरांत राजस्व रिकार्ड में जोड़ा गया। इसके उपरांत उन्होंने न्यायालय में तहसीलदार के समक्ष बंटवारा प्रकरण पेश किया गया, इसके उपरांत आठ जून 2022 को न्यायालय तहसीलदार प्रतापपुर के द्वारा बंटवारा सूची 1/2 आहूत करने हेतु हल्का पटवारी ग्राम मदननगर को आदेशित किया गया। वह जब हल्का पटवारी के पास गई, तो पटवारी टाल-मटोल करके उसे गुमराह कर दिया। वहीं अनावेदक ने धमकी दिया कि सरपंच, पटवारी आरआइ को खरीद लिया हूं, तुम खेत में भी चले गए तो हत्या हो जाएगा, तुम जमीन नहीं ले पाओगे। महिला का कहना है कि प्रतापपुर थाना में रिपोर्ट करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुआ। सरपंच, पटवारी, आरआइ किसी का सहयोग नहीं मिला। मानसिक रूप से काफी प्रताडि़त महिला ने कहा है कि अब उसके पास आय का कोई साधन नहीं है। भूख से मरने की स्थिति में वह आ चुकी है। विरोधियों के द्वारा उसे खेती भी नहीं करने दिया जा रहा है। उसने अपनी जीवन लीला प्रतापपुर अनुविभागीय अधिकारी के प्रांगण में समाप्त करने की इच्छा जाहिर करते हुए आत्मदाह करने की अनुमति मांगी है। महिला ने आग्रह किया है कि एक सप्ताह के अंदर अगर हल्का पटवारी उसकी भूमि का बंटवारा नहीं करता है तो वह अपना जीवन लीला न्यायालय प्रांगण के समक्ष आत्मदाह करके समाप्त कर देगी। एसडीएम प्रतापपुर दीपिका नेताम ने बताया कि आवेदन आया है, मामले में नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।

Categorized in: