अंबिकापुर। अंबिकापुर से लगे लुंड्रा विधानसभा के बलसेडी ग्राम में रात्रिकालीन फुटबॉल टूर्नामेंट का रविवार को समापन हुआ। समापन के दिन रोमांचक मैच में कनकपुर की टीम विजेता रही। समापन के मुख्य अतिथि ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और जिला पंचायत सदस्य राकेश गुप्ता थे, उन्होंने मैदान की बेहतरी के लिए चार लाख रुपये देने की घोषणा की। संभाग का पहला फुटबॉल टूर्नामेंट है, जो रात में फ्लड लाइट्स में खेला जा रहा था।
बलसेडी ग्राम पंचायत के स्कूल मैदान में 30 मई से शुरू रात्रिकालीन फुटबॉल टूर्नामेंट के समापन की रात खेले गए मैच का फाइनल मुकाबला कनकपुर और करंजी गांव की टीम के बीच हुआ, जिसमें कनकपुर की टीम ने करंजी की टीम को एक के मुकाबले तीन गोल से हराया। मैच के दौरान कनकपुर के खिलाडिय़ों ने कई बार विवाद की स्थिति उत्पन्न की। एक खिलाड़ी ने तो मैच के मुख्य रेफरी से भी बदसलूकी करने का प्रयास किया, इसके बाद उसको रेड कार्ड दिखाकर टीम से बाहर कर दिया गया। कुछ मिनटों तक कनकपुर की टीम 10 खिलाडिय़ों के साथ खेल रही थी। इधर फाइनल मुकाबले के बाद मुख्य अतिथि समेत अन्य अतिथियों ने विजेता टीम को 30 हजार रुपये नगद और उपविजेता टीम को 20 हजार रुपये नगद इनाम राशि के साथ शील्ड से सम्मानित किया। आयोजन के अन्य पुरस्कारों में बेस्ट गोलकीपर का कनकपुर के तरुण, बेस्ट स्ट्राइक्स का करंजी के शिवा और मैन ऑफ द मैच का शील्ड कनकपुर टीम के आनंद को मिला। फाइनल के पहले हुए दो सेमी फाइनलों में कनकपुर ने दरिमा को पांच गोल से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था। दूसरे मुक़ाबले में करंजी ने महेशपुर की टीम को एक गोल से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। मुख्य अतिथि राकेश गुप्ता ने बलसेडी में आयोजित होने वाले आगामी रात्रिकालीन मैचों के लिए अहम घोषणा करते हुए बलसेडी के स्कूल ग्राउंड के आंतरिक विद्युतीकरण के लिए 4 लाख रुपये दिलवाने की घोषणा की है, ताकि स्थाई पोल के माध्यम से मैदान को दूधिया रोशनी से रोशन किया जा सके। फ़ाइनल मुकाबले में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राकेश गुप्ता, सैयद अख्तर हुसैन, ऋषि गुप्ता, अमृत लाल यादव के साथ सचिव मोती यादव, बलसेडी सरपंच हूबलाल, सुरेंद्र पैकरा, नारायण राजवाड़े, नरेंद्र ठाकुर, रोमियो के अलावा आस-पास के 10 पंचायत के सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

Categorized in: