पांच दिवसीय खाटू श्याम बाबा की छवि का प्राण प्रतिष्ठा समारोह 29 अप्रैल से

मनेन्द्रगढ़ (एमसीबी) । सरगुजा संभाग में हारे के सहारे खाटू श्याम बाबा का पांचवा भव्य मंदिर मनेंद्रगढ़ शहर में श्याम भक्तों के अथक प्रयास व सहयोग से बनाया गया है जिसमें राजस्थान खाटू धाम से श्याम बाबा की छवि लाकर प्राण प्रतिष्ठा किया जाएगा जिसका पांच दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा समारोह भव्य कलश यात्रा के साथ 29 अप्रैल 2023 से प्रारंभ होगा । नगर के बहुप्रतीक्षित निर्माणाधीन श्री श्याम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह का कार्यक्रम 29 अप्रैल से प्रारंभ होगा । आयोजन को लेकर श्री श्याम मित्र मंडल मनेंद्रगढ़ द्वारा श्याम मंदिर परिसर में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया । पत्रकार वार्ता में श्री श्याम मित्र मंडल के सदस्यों ने जानकारी देते हुए बताया कि 29 अप्रैल 2023 को भव्य कलश यात्रा के साथ पांच दिवसीय अनुष्ठान का शुभारंभ होगा । सर्वप्रथम 29 अप्रैल 2023 को प्रातः 8:00 से श्रीराम मंदिर प्रांगण से भव्य कलश यात्रा प्रारंभ होगी जो नगर के प्रमुख मार्गो से होते हुए श्री श्याम मंदिर पहुंचकर संपन्न होगी । इस दौरान श्री श्याम मंदिर परिसर में पूजा अर्चना व श्री सुंदरकांड पाठ का आयोजन होगा । आयोजन के अगले दिन 30 अप्रैल एवं 1 मई 2023 को श्री श्याम ज्योति पाठ एवं मंगल पाठ का आयोजन श्याम मंदिर परिसर में होगा । इसी कड़ी में 2 मई 2023 को पूजा अर्चना के बाद दोपहर 3 बजे से राजस्थान भवन से निशान यात्रा प्रारंभ होगी जिसका समापन श्री श्याम मंदिर परिसर में होगा । आयोजन के अंतिम दिन प्रमुख कार्यक्रम 3 मई 2023 को दोपहर 12:30 बजे से श्याम मंदिर परिसर में श्री खाटू श्याम बाबा जी, दादी राणी सती जी एवं सालासर बालाजी की प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न होगी उसके पश्चात दोपहर 2 बजे से भंडारे का आयोजन होगा तथा रात्रि 8 बजे से बाहर से आए कलाकारों द्वारा सुमधुर आवाज में भजन संध्या का आयोजन होगा। खाटू धाम राजस्थान से श्याम बाबा की छवि व जोत लाई जाएगी । श्री श्याम मित्र मंडल द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार आगामी 19 अप्रैल 2023 को श्री श्याम बाबा जी की छवि – जोत लाने के लिए प्रातः 7 बजे श्री श्याम मंदिर परिसर मनेंद्रगढ़ से श्याम प्रेमी श्री खाटू धाम राजस्थान के लिए प्रस्थान करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 22 अप्रैल 2023 को श्री खाटू धाम में श्री श्याम बाबा जी के शीश का श्री श्याम कुंड में स्नान कराकर पूजन कार्यक्रम संपन्न कराने के पश्चात करीब दोपहर 2 बजे श्री श्याम बाबा की छवि – जोत लेकर मनेंद्रगढ़ के लिए रवानगी सुनिश्चित की गई है।
विभिन्न शहरों से होते हुए कटनी उमरिया, शहडोल, बुढार, कोतमा के रास्ते 24 (रात्रि) – 25 (प्रातः) अप्रैल 2023 को जोत – छवि का मनेंद्रगढ़ आगमन होगा। श्री श्याम मित्र मंडल के सदस्यों ने पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि मंदिर निर्माण के लिए उक्त भूमि स्व. गोविन्द राम सिंघल द्वारा दान दी गई थी । जिस भूमि पर 23 जनवरी 2008 को विधिवत भूमि पूजन कर मंदिर निर्माण की आधारशिला रखी गई थी और अब सभी के सहयोग से मंदिर भव्य रूप ले चुका है । मंदिर निर्माण में भूमि दान दाता स्वर्गीय गोविंद राम सिंघल के सुपुत्र पद्म सिंघल का सहयोग सहित सभी श्याम भक्तों का सहयोग प्राप्त हुआ है । मंदिर परिसर में कांच का काम दिल्ली के कलाकारों ने किया वही भव्य दरवाजों का निर्माण बिलासपुर के कलाकारों ने किया । मंदिर के गुंबज का निर्माण उड़ीसा से आए कलाकारों द्वारा किया गया है साथ ही मुख्य दरवाजे का भी कार्य पूर्ण उड़ीसा से आए कारीगरों के द्वारा किया जा रहा है । शीघ्र ही मंदिर के गर्भ गृह में चांदी स्वरूप गर्भ गृह का निर्माण जयपुर से आए कलाकारों द्वारा किया जाएगा । श्री श्याम मित्र मंडल मंडल मनेन्द्रगढ़ ने क्षेत्र के समस्त धर्म अनुरागी जनों से उक्त पांच दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा आयोजन में सपरिवार शामिल होकर धर्म लाभ उठाने का अनुरोध किया है ।

Categorized in: