मनेंद्रगढ़ (एमसीबी) । एमसीबी जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ के तहसील कार्यालय के बगल में विगत 16 मार्च से अपनी 1 सूत्रीय शासकीयकरण की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे पंचायत सचिव 11 अप्रैल 2023 को धरना स्थल से कलेक्ट्रेट तक बाइक रैली निकालकर मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेंगे । उक्त आशय की जानकारी देते हुए एमसीबी जिला पंचायत सचिव संघ के अध्यक्ष धनेश्वर राय ने बताया कि विगत 16 मार्च से अपनी 1 सूत्रीय शासकीयकरण की मांग को लेकर पूरे प्रदेश सहित एमसीबी जिले के सभी पंचायतों के पंचायत सचिव अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं लेकिन शासन प्रशासन के द्वारा कोई सुध नहीं लिया जा रहा है । कांग्रेस सरकार के द्वारा पंचायत सचिवों को शासकीयकरण करने की घोषणा की गई थी लेकिन आज तक पंचायत सचिवों को शासकीय कर्मचारी घोषित नहीं किया गया है जबकि कई बार इस संबंध में शासन का ध्यान आकर्षित कराया गया है । पंचायत सचिवों को उम्मीद थी कि वर्तमान बजट में पंचायत सचिवों को शासकीयकरण करने का प्रावधान रखा जाएगा लेकिन पंचायत सचिवों को वर्तमान बजट से भी निराशा हाथ लगी है जिसके कारण मजबूर होकर पंचायत सचिवों ने अपनी 1 सूत्रीय मांग शासकीयकरण को लेकर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करने को मजबूर हुए हैं ।

Categorized in: