अंबिकापुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम परसा में स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में स्कूल के एक उम्रदराज के शिक्षक पर कक्षा 10वीं और 12वीं की छात्राओं के द्वारा छेड़छाड़ का आरोप लगाने के बाद हरकत में आई पुलिस ने आरोपित के विरूद्ध मामला दर्ज करने की तैयारी में है। पुलिस अधिकारी ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि अभी तक जांच में सामने आए तथ्य और छात्राओं के बयान पर छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक परसा हायर सेकेंडरी स्कूल में पढऩे वाली दो छात्राएं सोमवार को देर रात कोतवाली पहुंची और स्कूल में जीव विज्ञान पढ़ाने वाले एक शिक्षक पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया। इनके द्वारा उक्त व्याख्याता पर पहले भी ऐसी घटना अन्य छात्राओं के साथ करने की बात कही गई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और शिक्षक को थाने तलब कर पूछताछ की, जिस पर उनके द्वारा विद्यालय में ऐसी घटना से इन्कार किया। शिक्षक का कहना है कि विद्यालय में चल रही गुटबाजी के कारण उन्हें फंसाने की कोशिश की गई है। उनका कहना है अगर प्राचार्य का तबादला होता है तो वरिष्ठता अनुसार उन्हें प्राचार्य का प्रभार मिलेगा, इस कारण षड्यंत्रपूर्वक उन्हें बदनाम करने की साजिश रची जा रही है। इधर सोमवार को देर रात स्वजनों के साथ छात्राओं के कोतवाली पहुंचने के बाद मंगलवार को पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कोतवाली पुलिस जांच में जुटी। शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मामले को लेकर गंभीर हैं। आरोपों की सत्यता जानने पुलिस महिला विवेचक को साथ गांव पहुंची और आरोप लगाने वाली छात्राओं के साथ स्कूल पहुंचे अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं का बयान लिया। हालांकि एक छात्रा ने अपने कथन में स्पष्ट किया कि व्याख्याता ने गलत तरीके से उसे क्लास रूम में छुआ लेकिन किसी ने नहीं देखा। बहरहाल अभी तक सामने आई बातों को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में शिक्षक के विरूद्ध मामला दर्ज करने का संकेत पुलिस दे रही है।

Categorized in: