आजाद सेवा संघ ने अपर कलेक्टर को ज्ञापन सौंप की मांग

अंबिकापुर। शहर के सड़कों की बदहाल स्थिति की ओर आजाद सेवा संघ छत्तीसगढ़ ने सरगुजा कलेक्टर का ध्यानाकर्षण कराया है। संघ के प्रदेश सचिव रचित मिश्रा व सरगुजा जिला अध्यक्ष आनंद पटेल के नेतृत्व में कलेक्टोरेट पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन के माध्यम से बताया है कि शहर के सड़कों की हालत बेहद खराब होने के कारण जनहानि की संभावना बनी रहती है। शहर के बनारस रोड में अंबेडकर चौक के पास से ही हालात ऐसे हैं कि यातायात व्यवस्था बनाए रखने लगाया गया सिग्नल बेकाम का साबित हो रहा है। रेड सिग्नल के दौरान यहां चौतरफा दबाव बढऩे से दुर्घटना की संभावना बनती है। इसी मार्ग से लगा संभाग का सबसे बड़ा पीजी कॉलेज है। यहां आने-जाने वाले विद्यार्थियों को अत्यधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। अंबेडकर चौक से निकलने वाले हर रास्ते में पानी भर जाने से मार्ग से कीचड़-मिट्टी के छींटों का सामना विद्यार्थी करते हैं। सड़क पर गहरे गड्ढे होने के कारण दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। संघ ने ज्ञापन में छात्रहित को देखते हुए पीजी कॉलेज के आसपास स्पीड ब्रेकर की जरूरत की ओर ध्यानाकर्षण कराया है। कलेक्टर ने सड़कों का कार्य तेजी से कराने आश्वस्त किया है। इस दौरान संघ के संभाग प्रभारी रणवीर सिंह जुनेजा, अभिनव चतुर्वेदी, रवि गुप्ता, आनंद पटेल, शुभम पटेल, जिला महासचिव नितिश भाई पटेल, जिला सचिव शुभम गुप्ता, विकास यादव उपस्थित रहे।

Categorized in: