अंबिकापुर। बिजनेस शुरु कराने के नाम पर मकान मालिक से 7 लाख 90 हजार तथा अन्य लोगों से 5 लाख 56 हजार रुपये की ठगी कर फरार होने वाले पति-पत्नी को पुलिस ने आगरा के सिकंदरा से गिरफ्तार किया है। रुपये लेने के बाद पति-पत्नी ने जब बिजनेस शुरु नहीं कराया तो रुपये वापस मांगने लगे। इस पर पति-पत्नी उन्हें छेडख़ानी व बलात्कार के मामले में फंसाने की धमकी देने लगे।

इसकी रिपोर्ट मकान मालिक ने थाने में दर्ज कराई थी। इसके बाद से पति-पत्नी फरार हो गए थे।जेलपारा सूरजपुर निवासी प्रदीप अवस्थी ने 23 सितंबर 2020 को सूरजपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वर्ष 2018 में उसके किराये के मकान में रह रहे प्रतीक गोयल एवं उसकी पत्नी रागिनी गोयल के द्वारा बिजनेस शुरु कराने के नाम पर 7 लाख 90 हजार तथा अन्य लोगों से 5 लाख 56 हजार की धोखाधड़ी की गई है। पैसा वापस मांगने पर टाल-मटोल कर छेडख़ानी व दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी देने लगे। रिपोर्ट पर थाना सूरजपुर में दोनों आरोपियों के विरूद्ध अपराध धारा 420, 34 के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया था। मामला पंजीबद्ध होने के बाद से ही दोनों आरोपी फरार थे। पुलिस अधीक्षक सूरजपुर रामकृष्ण साहू ने पुराने मामले में फरार आरोपियों की पतासाजी कर जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश थाना प्रभारी को दिए थे। एसडीओपी सूरजपुर गीता वाघवानी के मार्गदर्शन में थाना सूरजपुर की पुलिस ने लगातार आरोपियों की पतासाजी में लगी थी। नई तकनीक व सूत्रों से जानकारी मिली कि आरोपी सिंकदरा आगरा में हैं। इसके बाद पुलिस टीम सिंकदरा, आगरा उत्तरप्रदेश पहुंची और दबिश देकर आरोपी रागिनी गोयल पति प्रतीक गोयल 36 वर्ष निवासी अलीगढ़, आगरा उत्तरप्रदेश को हिरासत में ली। पूछताछ में आरोपी महिला ने जुर्म करना स्वीकार किया, इस पर उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपियों के विरूद्ध बिलासपुर के सरकण्डा थाने में भी धारा 420 के तहत मामला पंजीबद्ध है। इसकी जानकारी से संबंधित थाना प्रभारी को अवगत कराया दिया गया है। प्रकरण में फरार महिला के पति की पतासाजी सरगर्मी से की जा रही है। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी सूरजपुर प्रकाश राठौर, एसआई सुनीता भारद्वाज, प्रधान आरक्षक हरेन्द्र सिंह, आरक्षक हरिशंकर व रवि पाण्डेय सक्रिय रहे।

Categorized in: