छ.ग.फ्रंटलाइन
अंबिकापुर। हत्या के मामले में दरिमा थाना पुलिस ने आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। मृतिका द्वारा वाद-विवाद करने से मना करने पर आरोपी ने डंडे से मारपीट कर हत्या की वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस ने बताया संजय कुमार निवासी सरमना बतौली, हाल मुकाम कर्रा दरिमा ने 11 मार्च को थाना दरिमा आकर सूचना बताया कि सुबह उसे सास के मौत की सूचना मिली। जब वह ससुराल गया तो बिहानी बाई मौके पर मृत हालत में पड़ी थी। घर वालो से पूछताछ करने पर पता चला कि 10 मार्च को मृतिका का नाती राजू नगेसिया शाम को घर से बाहर गया था, जो शराब पीकर आया और परिवार के लोगों से विवाद करने लगा। मृतिका ने नाती को वाद-विवाद करने से मना किया, इसी रोक-टोक से नाराज होकर राजू नगेसिया अपनी दादी बिहानी बाई पर डंडे से वार कर दिया, जिसमें उसकी स्थिति गंभीर हो गई। घर के अन्य सदस्यों ने मारपीट करने से मना किया तो वह उन्हें भी मारने के लिए दौड़ाया। इसके बाद घर के सभी सदस्य मौके से भाग गए। बाद में घर आए तो बिहानी बाई दर्द से कराह रही थी, कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। मामले में मर्ग कायम पर पुलिस जांच की और प्राप्त तथ्यों के आधार पर धारा 302 भादवि का अपराध दर्ज कर विवेचना में ली थी। इसी क्रम में पुलिस ने आरोपी राजू नगेसिया 24 वर्ष निवासी कर्रा तुरीडांड थाना दरिमा को घेराबंदी करके पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपराध करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है। कार्रवाई में थाना दरिमा से सहायक उप निरीक्षक बैजनाथ लकड़ा, आरक्षक अभय चौबे, दुर्गेश राजवाड़े शामिल रहे।

Categorized in: