मध्यप्रदेश व छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती ज़िलों के कलेक्टर व एसपी बैठक में रहे शामिल

मनेंद्रगढ़ (एमसीबी) । वर्ष 2023 के अंत में छत्तीसगढ़ व मध्यप्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर रखते हुए छत्तीसगढ़ व मध्यप्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों के वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त बॉर्डर मीटिंग बुधवार को एमसीबी जिले के हसदेव गेस्ट हाउस नई लेदरी में आयोजित की गई। निर्वाचन आयोग के मंशानुसार छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के सीमांत क्षेत्रों में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान संपन्न कराने के लिए आपसी समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक शहडोल ज़ोन (म.प्र.) डीसी सागर, कमिश्नर सरगुजा श्रीमती शिखा राजपूत तिवारी, कमिश्नर शहडोल (म.प्र.) राजीव शर्मा, पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रामगोपाल गर्ग ने आगामी विधानसभा चुनाव के तैयारियों की समीक्षा की। विधानसभा निर्वाचन 2023 संबंधी समीक्षा बैठक में शहडोल, अनूपपुर, सीधी, सिंगरौली, एमसीबी, कोरिया, सूरजपुर, सरगुजा, जीपीएम और कोरबा ज़िलों के कलेक्टर और एसपी शामिल हुए। बैठक में उपस्थित सभी कलेक्टर और एसपी ने निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा निर्वाचन 2023 की तैयारियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। बैठक में एमसीबी एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि ज़िले में मतदान के लिए शांतिपूर्ण वातावरण तैयार करने अवैध मादक पदार्थों पर लगातार कार्यवाही किया जा रहा है। सूचना तंत्र को मज़बूत करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और आबकारी एक्ट के तहत ज़िले में लगातार कार्यवाही जारी है। बॉर्डर एरिया में शांति व्यवस्था बहाल करने के लिए चाक चौबंद व्यवस्था किया गया है। सभी प्रमुख सीमावर्ती क्षेत्रों में चेकपोस्ट लगाया गया है और संवेदनशील हॉट-स्पॉट स्थानों का चिन्हांकन कर सीसीटीवी भी लगाया गया है। सूचनाओं के त्वरित आदान प्रदान के लिए सोशल मीडिया में प्रत्येक स्तर पर ग्रुप बनाए गए हैं।असामाजिक तत्वों की आवाजाही और सीमावर्ती क्षेत्रों की निगरानी के लिए ज़िला स्तर पर कंट्रोल रूम बनाए गये हैं। शांतिपूर्ण माहौल में मतदान कार्य संपन्न कराने के लिये सभी प्रशासनिक अधिकारियों के साथ सामंजस्य से कार्य किया जा रहा है। कार्यक्रम के अंत में एमसीबी एसपी श्री तिवारी ने सभी अतिथियों को प्रतीक चिन्ह भेंट किया। बैठक में एमसीबी कलेक्टर नरेंद्र कुमार दुग्गा, कोरिया कलेक्टर विनय लंगेह, जीपीएम कलेक्टर श्रीमती प्रियंका राशि महोबिया, कलेक्टर शहडोल श्रीमती वंदना वैद्य, एसपी कोरिया त्रिलोक बंसल, एसपी शहडोल कुमार प्रतीक तथा अन्य ज़िलों के अधिकारीगण उपस्थित रहे। बैठक के अंत में कमिश्नर शहडोल, कमिश्नर सरगुजा, आईजी सरगुजा व अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक शहडोल जोन ने संयुक्त रूप से मीडिया से चर्चा करते हुए बॉर्डर जोन समन्वय बैठक के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की।

Categorized in: