विद्युत पोल शिप्ट कराकर केबल लगाना भूल गया विभाग

बिश्रामपुर। तत्कालीन मुख्यमंत्री को खुश करने वर्षों पूर्व विद्युत विभाग द्वारा पोल शिप्ट कराए जाने के बाद भी आज तक विद्युत केबल लगाकर कनेक्शन न दिए जाने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों द्वारा कई बार विभागीय अधिकारियों से गुहार लगाए जाने के बाद भी कोई निराकरण नहीं होने से लोगों में नाराजगी व्याप्त है। गौरतलब है कि करीब दो वर्ष पूर्व तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का ग्राम पंचायत रामनगर में भेंट मुलाकात कार्यक्रम संपन्न हुआ था। तत्कालीन मुख्यमंत्री के रामनगर गांव में आने के पूर्व विद्युत विभाग के आला अधिकारी अपनी शिकवा शिकायत से बचने लोगों को गुमराह करके रामनगर पंचायत के पीछे बस्ती में आनन फानन में विद्युत पोल शिप्ट करा दिया गया लेकिन उक्त पोल में केबल का विस्तार करना आज तक भूल गए हैं। विद्युत आपूर्ति हेतु ग्रामीणों को मजबूरन दूर के विद्युत पोल से कनेक्शन लेकर वर्षों बाद भी अपना जीवन यापन करने विवश होना पड़ रहा है। आलम यह है कि दूर से लिए गए विद्युत कनेक्शन की वजह से जब भी मौसम खराब होता है और आंधी व हवा तेज चलने से ग्रामीणों द्वारा दूर पोल से लिए गए विद्युत कनेक्शन का तार टूट जाता है। साथ ही दूर पोल से कनेक्शन लिए जाने की वजह से लोगों को लो वोल्टेज की समस्या का भी सामना करने विवश होना पड़ता है। ग्रामीणों ने बताया कि विभागीय अधिकारियों द्वारा उस समय अपनी वाहवाही बटोरने के लिए विद्युत पोल तो शिप्ट करा दिया गया लेकिन उसके बाद आज तक उक्त पोल में विद्युत लाइन का विस्तार नहीं किया जा सका है। ऐसी स्थिति में ग्रामीणों द्वारा कई बार विभागीय अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से अपनी उक्त गंभीर समस्या से निजात दिलाए जाने हेतु गुहार लगाई जा चुकी है, बावजूद इसके आज तक किसी ने भी आमजन की उक्त गंभीर समस्या की ओर ध्यान देना जरूरी नहीं समझा है। जिससे क्षेत्रवासियों में काफी नाराजगी व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि विभागीय अधिकारियों द्वारा जल्द ही लोगों को उक्त गंभीर समस्या से निजात दिलाए जाने कोई पहल नहीं किया गया, तब मजबूरन उग्र आंदोलन करने विवश होना पड़ेगा। इस संबंध में सूरजपुर जेई दामोदर प्रसाद ने कहा कि मैं जल्द ही गांव में जाकर वतुस्थिति का जायजा लूंगा। यदि समस्या होगी तो उसका जल्द ही निराकरण कराए जाने का पहल किया जाएगा।

Categorized in: