वरिष्ठ कांग्रेसी कृष्ण मुरारी तिवारी उपाध्यक्ष तो राजेश सिंह बने कांग्रेस जिला महामंत्री

मनेंद्रगढ़ (एमसीबी)। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने विगत दिनों एमसीबी जिले की जिला कांग्रेस कमेटी की बहुप्रतीक्षित जिला कार्यकारिणी की सूची जारी कर दी है। नवगठित मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिला कांग्रेस कार्यकारिणी की जारी सूची में युवाओं और अनुभवी चेहरों को तरजीह दी गई है। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से जारी की गई सूची में कांग्रेस के तेज तर्रार ऊर्जावान वरिष्ठ कांग्रेसी नेता व पूर्व नगरपालिका उपाध्यक्ष कृष्ण मुरारी तिवारी को वरिष्ठ उपाध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है वहीं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ शहर के पूर्व उपाध्यक्ष राजेश सिंह को जिला महामंत्री की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। ​ वरिष्ठ कांग्रेसी नेता व पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष कृष्ण मुरारी तिवारी अविभाजित कोरिया जिला के युवा कांग्रेस के शहरी एवं ग्रामीण जिला अध्यक्ष रह चुके हैं साथ ही उन्होंने ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ के अध्यक्ष पद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी का निर्वहन किया है । इसके साथ ही वे अविभाजित कोरिया जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष भी रहे हैं । श्री तिवारी शहर सरकार मनेंद्रगढ़ में उपाध्यक्ष पद पर आसीन होकर अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। श्री तिवारी पहली बार पार्षद का चुनाव लड़ा और शानदार जीत दर्ज कर नगरपालिका परिषद मनेंद्रगढ़ के उपाध्यक्ष बने । श्री तिवारी के जिला कांग्रेस कमेटी में उपाध्यक्ष बनने पर उनके समर्थकों व शुभचिंतकों सहित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं व बधाई दी है। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता कृष्ण मुरारी तिवारी मनेन्द्रगढ नगर में एक दबंग नेता के रूप में जाने जाते हैं वे छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ चरणदास महंत के बेहद करीबी माने जाते हैं। यही कारण है कि उन्हें जिला कांग्रेस कमेटी में वरिष्ठ उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है इससे निश्चित रूप से कांग्रेस को मजबूती मिलेगी।

Categorized in: