पंजाब के मुक्तसर जिले में एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक एसपी रैंक के पुलिस अधिकारी समेत तीन पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार कर लिया गया। उनपर आरोप है कि उन्होंने कस्टडी के दौरान एक वकील को उसके सह आरोपी के साथ समलैंगिक संबध बनाने को मजबूर किया। इसके अलावा हिरासत के दौरान तरह-तरह से यातनाएं दी गईं। लुधियाना पुलिस कमिश्नर मनदीप सिंह सिद्धू के अगुआई में चार सदस्यों की एसआईटी गठित की गई है जो कि इस मामले की जांच करेगी।

एसआईटी की निगरानी एडीजी पुलिस इंटेलिजेंस जसकरन सिंह करेंगे और उनके साथ तीन पुलिसकर्मी भी रहेंगे। बता दें कि एक दिन पहले ही बार असोसिएशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से मुलाकात की थी। इसके बाद एसपी समेत छह पुलिसकर्मियों पर वकील को हिरासत के दौरान यातना देने और जबरन सेक्स करवाने के मामले में आरोपी बनाया गया। मुक्तसर के एसपी (इन्वेस्टिगेशन) रमनदीप सिंह भुल्लर, इंस्पेक्टर रमन कुमार कंबोज, कॉन्स्टेबल हरबंस सिंह, भूपिंदर सिंह और गुरप्रीत सिंह एवं एक होम गार्ड के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

इस मामले में एसपी भुल्लर, इंस्पेक्टर रमन कुमार कंबोज और कॉन्स्टेबल हरबंस सिंह को गिरफ्तार किया गया है। पहले पंजाब हरियाणा हाई कोर्ट के बार असोसिएशन ने पुलिस के इस कृत्य के विरोध में काम करने से इनकार कर दिया। वकील को एक अन्य शख्स के साथ 14 सितंबर को गिरफ्तार किया गया था। वकील पर आरोप था कि उन्होंने पुलिस की टीम पर हमला किया और पुलिसकर्मियों की वर्दी फाड़ दी।

मुक्तसर चीफ जूडिशल मजिस्ट्रेट ने पुलिसकर्मियों के खिलाफ केस दर्ज करने का आदेश दिया। पुलिसकर्मियों पर जबरन अप्राकृतिक सेक्स करवाने, गलत इरादे और  आपराधिक कृत्य से संबंधित कई धाराओं में केस दर्ज किया गया है।

Categorized in: