न कर रहे सोशल डिस्टेंस का पालन न पहन रहे मास्क, एक बाइक पर 2 से 3 हो रहे सवार तथा चारपहिया में 2 की जगह कई बैठकर कर रहे सफर


अंबिकापुर. जिले में कोरोना का कोई एक्टिव मरीज नहीं होने के नाते शासन के निर्देश पर २० अपै्रल से मिली आंशिक छूट कहीं आफत में न डाल दे। लोगों ने बेधडक़ व आम दिनों की तरह घर से बाहर निकलना शुरू कर दिया है। शहर में सुबह से शाम तक लोग अनावश्यक घूमते नजर आ रहे हैं। वहीं पुलिस भी अब पहले की तरह पाबंदी नहीं दिखा रही है। लॉकडाउन के बीच जिस तरह से लोगों ने शहर में निकलना शुरू कर दिया, इससे लगता है कि जिला प्रशासन के अब तक के सारे प्रयासों पर पानी न फिर जाए।
कोरोना का एक भी मरीज नहीं मिलने से सरगुजा संभाग में को ग्रीन जोन घोषित किया गया है। ग्रीन जोन में आने के कारण शासन के निर्देश पर प्रशासन द्वारा जिले में आंशिक छूट दी गई है। आंशिक छूट को लोगों ने अब पूरी तरह छूट मानना शुरू कर दिया है। सोमवार को आंशिक छूट मिलते ही अंबिकापुर शहर में लोगों की भीड़ दिखनी शुरू हो गई। लोग सुबह से शाम तक बाइक, स्कूटी व चार पहिया वाहन से घूमते नजर आए, यह आंशिक छूट जिले के लिए कहीं भारी न पड़ जाए। अगर इसी तरह से लोग शहर में निकलना शुरू कर दिए और इन पर प्रतिबंध नहीं लगता है जो जिला प्रशासन के अब तक की सारी मेहनत पर पानी फिर सकता है।


एक बाइक पर दो से ज्यादा कर रहे सवारी
शासन के निर्देश पर अभी लॉकडाउन ३ मई तक है। 3 मई तक सभी को इसका पालन करना है। वहीं संक्रमण से बचने के लिए सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन करना है। इस कारण शासन के निर्देशानुसार एक बाइक पर केवल एक ही व्यक्ति सफर कर सकता है वहीं चारपहिया वाहन पर दो से ज्यादा नहीं बैठ सकते हैं। इसके बावजूद शहर में इसका पालन नहीं किया जा रहा है और एक बाइक पर दो या दो से ज्यादा लोग शहर में घूमते नजर आ रहे हैं। वहीं चार पहिया वाहन में भी दो से ज्यादा लोग सफर कर रहे हैं।


सोशल डिस्टेंस व मास्क नियम की उड़ाई जा रही धज्जियां
शहर के सब्जी बाजार में भी सोशल डिस्टेंस का पालन नहीं हो रहा है। फल व सब्जी विक्रेताओं द्वारा मास्क का उपयोग नहीं किया जा रहा है। जबकि शासन का निर्देश है कि प्रदेश में मास्क पहनना अनिवार्य है। इसके बावजूद लोग शासन के नियमों की धज्जियां उड़ा रह हैं और बिना मास्क के ही सब्जी व फल दुकान लगाकर बैठे हैं।

Categorized in: