अंबिकापुर। शिवधारी कॉलोनी में स्थित एक मकान के अंदर से दो लैपटाप की चोरी के मामले में पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर चोरी का लैपटाप व घटना के समय आने-जाने में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को जब्त किया है। लैपटॉप चोर की करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी, जिससे पुलिस को आरोपित तक पहुंचने में देर नहीं लगी।
जानकारी के मुताबिक शिवधारी कॉलोनी निवासी वरुण पाठक निवासी ने बीते 28 जुलाई को घर के बाहरी कमरे में रखे दो नग लैपटाप को बैग सहित अज्ञात चोर द्वारा चोरी करने की सूचना गांधीनगर थाने में दी थी। इस पर पुलिस ने अज्ञात आरोपित के विरूद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया। चोरी की घटना संज्ञान में आने पर पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज अजय यादव के मार्गदर्शन व पुलिस अधीक्षक सरगुजा भावना गुप्ता के निर्देशन में आरोपितों को गिरफ्तार करने हेतु अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला, नगर पुलिस अधीक्षक अखिलेश कौशिक ने थाना प्रभारी कलीम खान के नेतृत्व में टीम गठित कर घटना स्थल के आस-पास लगे लगभग 50 सीसीटीवी फुटेज चेक किया। हुलिया के आधार पर व मुखबिर की सूचना पर संदेही शानू केडिया निवासी पटपरिया को थाना लाकर पुलिस पूछताछ की तो आरोपित ने लैपटॉप चोरी करना स्वीकार किया। आरोपित शानू केडिया शातिर किस्म का है जो पूर्व में कई चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मो.कलीम खान, उपनिरीक्षक रश्मि सिंह, सउनि विनय सिंह, प्रधान आरक्षक राधा यादव, आरक्षक अतुल सिंह एवं गांधीनगर पुलिस थाने की टीम शामिल रही।
मकान मालिकों को पुलिस करेगी सम्मानित
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि चोरी सहित अन्य जघन्य अपराधों को खंगालने में सीसीटीवी काफी उपयोगी साबित होता है। लैपटॉप चोरी के आरोपित को खंगालने भले ही पुलिस को 50 सीसीटीवी कैमरे को देखना पड़ा हो, मुखबिरों का सहारा लेना पड़ा हो, लेकिन शातिर चोर तक पहुंचने में कैमरा काफी सहायक साबित हुआ। पुलिस ऐसे मकान मालिकों को सम्मानित करेगी, जो स्वयं के संपत्ति सुरक्षा को लेकर सजग हैं और सीसीटीवी कैमरे अपने घरों में लगवाए हैं।

Categorized in: