गिरजा ठाकुर

अंबिकापुर। सरगुजा पुलिस को सोशल मीडिया, व्हाटसअप के माध्यम से सार्वजनिक धार्मिक कार्यक्रम के अवसर पर एक व्यक्ति के द्वारा पिस्टल से हवाई फायरिंग कराने का विडियो क्लीप प्राप्त हुआ था। मामले में तत्काल अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच विवेचना में लिया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज अजय यादव व पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने आरोपित की गिरफ्तारी के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला, नगर पुलिस अधीक्षक अखिलेश कौशिक के नेतृत्व में टीम गठित किया था। टीम के प्रयास से आरोपित विक्की ऊर्फ विक्रम प्रताप सिंह एवं कार्यक्रम के आयोजक शुभम जायसवाल, आशुतोष मिश्रा साकिन अंबिकापुर को गिरफ्तार कर पूछताछ किया गया, तो विक्की ऊर्फ विक्रम प्रताप सिंह द्वारा भीड़-भाड वाले स्थल पर हवाई फायरिंग करने की घटना को स्वीकार किया गया। जांच में कार्यक्रम के आयोजक शुभम जायसवाल एवं आशुतोष मिश्रा द्वारा किसी प्रकार की सूचना नहीं देकर आरोपित को संरक्षित करने की घटना सामने आई। पुलिस आरोपित विक्की उर्फ विक्रम प्रताप सिंह के हथियार की लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई करेगी। सरगुजा पुलिस ने समस्त सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रम के आयोजकों से आग्रह किया है कि ऐसी किसी भी घटना को बढ़ावा न दिया जाए। यदि ऐसी घटना किसी आयोजन के दौरान सामने आती है तो इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी आयोजकों की होगी। आयोजक व आरोपित के विरूद्ध विधिवत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Categorized in: