जरही/भटगांव। सूरजपुर जिले के नगर पंचायत भटगांव में वायरल फीवर और डेंगू की चपेट में आए लोग सामने आने लगे हैं। समय रहते इस दिशा में सार्थक पहल नहीं की गई तो यह भयावह रूप ले सकता है।
नगर पंचायत भटगांव के प्रगति विहार, क्वार्टर नंबर 880 डबल स्टोरी में निवास करने वाले संदीप कुमार पटेल पिता स्व.यगसेन पटेल 1-2 खदान में कार्यरत हंै, जो डेंगू से पीडि़त हैं। डेंगू की चपेट में आने के बाद एक सप्ताह तक अपोलो अस्पताल बिलासपुर में भर्ती होकर वे इलाज कराए, लेकिन इससे नगर पंचायत क्षेत्र के जिम्मेदार बेखबर हैं। बता दें कि जब मच्छर किसी संक्रमित व्यक्ति को काटता है, तो वायरस मच्छर के शरीर में प्रवेश कर जाता है और बीमारी फैलती है। यह मच्छर किसी स्वस्थ व्यक्ति को काटता है तो रक्त प्रवाह के जरिए फैलकर उसे बीमार कर देता है।
डेंगू की पहचान के लिए ब्लड टेस्ट जरूरी
डेंगू के लक्षण सामान्य फ्लू या वायरल बुखार से मिलते-जुलते हैं, इसलिए सही पहचान के लिए ब्लड टेस्ट कराना चाहिए। जहां सामान्य रूप से दिखने वाले डेंगू के लक्षण में मांसपेशियों व जोड़ों में दर्द, शरीर पर पडऩे वाले लाल निशान हैं, जो ठीक होने पर पुन: वापस आ जाते हंै। तेज बुखार, बहुत तेज सिर दर्द, आंखों के पीछे दर्द, उल्टी और चक्कर महसूस होने पर तुरंत डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए।
बयान-
हमें इस संबंध में अभी कोई जानकारी नहीं मिली है, लेकिन ऐसे बीमारियों की रोकथाम के लिए समय-समय पर दवाई का छिड़काव कराया जाता है। वर्षा के कारण दवा छिड़काव रोक दिया गया था, बारिश रुकने के बाद दोबारा छिड़काव कराया जाएगा।
प्रवीण कुमार उपाध्याय
मुख्य कार्यपालन अधिकारी
नगर पंचायत भटगांव

Categorized in: