प्रतापपुर। वन परिक्षेत्र प्रतापपुर के धरमपुर सर्किल क्षेत्र से एक वाहन में अवैध साल की लकड़ी की तस्करी करतेे दो लोगों को वन अमले ने पकड़ा। मामले में वाहन चालक सहित आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक बीती रात वनरक्षक अमर रवि को सूचना मिली कि ग्राम दलदली में चार पहिया वाहन में अवैध लकड़ी लोड किया जा रहा है। सूचना पर वह अपने साथ दो चौकीदार को लेकर धरमपुर अटल चौक के पास वाहन के आने की राह देख रहा था। इसी दौरान दलदली की ओर से एक महिंद्रा जायलो वाहन आते नजर आई, जिसे रोकने पर इसमें सवार लोगों ने बताया कि वाहन धरमपुर दलदली निवासी राजू तिग्गा पिता नान साय की है। जांच में 16 नग साल चिरान लोड पाया गया। अमर रवि से पूछताछ में पता चला कि राजू के साथ धरमपुर दलदली निवासी लरंग साय और शिव कुमार अवैध लकड़ी लादकर अंबिकापुर बेचने ले जा रहे हैं। तस्करों को पकड़ कर वन विभाग मुख्यालय प्रतापपुर लाया गया, इनके पास से 16 नग लकड़ी की चिरान और महिंद्रा जाइलो वाहन जप्त कर वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
छत्तीसगढ़ फ्रंटलाइन ने कराया था आगाह
एक सप्ताह पूर्व छत्तीसगढ़ फ्रंटलाइन ने धरमपुर, दलदली, गणेशपुर जंगल में अवैध लकड़ी तस्करी और कटाई को लेकर प्रमुखता से खबर प्रकाशित किया था, इसके बाद वन विभाग के कर्मचारी सचेत हो गए थे। वन कर्मियों की सजगता से तस्करों की करतूत सामने आई।

Categorized in: