उदयपुर। सरगुजा जिले के उदयपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत लक्ष्मणगढ़ स्थित प्री मैट्रिक कन्या छात्रावास से दस बोरी चावल बिक्री करने की कोशिश का आरोप ग्रामीणों व पंचायत प्रतिनिधियों ने लगाया है। आटो में लोड दस बोरी चावल पकड़ पुलिस को सूचना दी गई है। गुरुवार की शाम एक ऑटो लक्ष्मणगढ़ प्री मैट्रिक कन्या छात्रावास परिसर में घुसी। आसपास रहने वाले लोगों ने संदेह होने पर निगरानी शुरू की। आटो में चालक के अलावा कोई और नहीं था। लोग ऑटो के बाहर निकलने की प्रतीक्षा करने लगे। थोड़ी देर बाद जब कन्या छात्रावास परिसर से ऑटो बाहर निकली तो गांव वालों ने उसे रोका, जिसमें प्लास्टिक के 10 बोरे में चावल भरा था। चावल को जूट के बोरे से प्लास्टिक के बोरे में खाली किया गया था। चावल छात्रावास की बालिकाओं के लिए उपलब्ध कराया गया था। सूचना पर सरपंच हरिहर प्रसाद, सचिव के अलावा बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। आटो चालक से पूछताछ करने पर पहले तो वह कुछ भी जानकारी देने से इन्कार करते रहा, बाद में स्वीकार किया कि एक किराना दुकान संचालक द्वारा उसे छात्रावास से चावल लेकर आने के लिए कहा गया था, जिस पर वह ऑटो लेकर आया था। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना उदयपुर पुलिस को दी। पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने अधीक्षिका द्वारा किराना दुकान में चावल बेचने के लिए भेजने का आरोप लगाया। मामला बढ़ता देख अधीक्षिका गीता सिदार ने कहा कि बालिकाओं को खिलाने के लिए उपलब्ध कराए गए चावल की सफाई कराने भेजा जा रहा था। उन्होंने ग्रामीणों के आरोपों से इन्कार कर दिया।

Categorized in: