सर्राफा सहित अन्य व्यवसायियोंं, शहर के वरिष्ठ नागरिकों से चर्चा कर दुकानों एवं घरों में सीसीटीवी कैमरा लगवाने का आग्रह
बेतरतीब खड़े वाहनों एवं दुकान के बाहर रखे सामानों को लेकर दी हिदायत, यातायात निर्देशिका का पालन करने कहा
दुपहिया वाहनों के अवैध साइलेंसरों एवं तेज वाहन चालन करने वालों पर चालानी कार्रवाई

अंबिकापुर। धनतेरस-दीपावली के पहले शहर की सुरक्षा व यातायात व्यवस्था का जायजा लेने पुलिस पैदल मार्च की। इस दौरान सर्राफा व्यवसायियोंं सहित अन्य दुकान संचालकों एवं शहर के वरिष्ठ नागरिकों से दुकानों एवं घरों में सीसीटीवी कैमरा लगवाने का आग्रह किया गया। पुलिस ने बेतरतीब खड़े वाहनों एवं दुकान के बाहर रखे सामानों को लेकर दुकानदारों को हिदायत दी और लोगों की आवाजाही अवरूद्ध न हो इसका ध्यान रखने कहा। पुलिस ने जारी यातायात निर्देशिका एवं वन-वे के नियमों का पालन करने ध्यानाकर्षण कराया। पैदल मार्च के दौरान दोपहिया वाहनों के अवैध साइलेंसरों एवं तेज ड्राइविंग करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।


पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज अजय यादव के मार्गदर्शन व पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में धनतेरस एवं दीपावली पर्व के पूर्व शहर की सुरक्षा व यातायात की प्रभावी व्यवस्था बनाए रखने की पहल पैदल मार्च से शुरू हो गई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला एवं नगर पुलिस अधीक्षक स्मृतिक राजनाला के नेतृत्व में शुक्रवार को पुलिस ने धनतेरस एवं दीपावली के त्यौहारों को लेकर व्यापारिक दृष्टिकोण से विभिन्न प्रमुख मार्गों स्कूल रोड, सदर रोड, राम मंदिर रोड, ब्रह्म मंदिर रोड, देवीगंज रोड, देव होटल चौक, घड़ी चौक में पैदल मार्च किया। पर्व के शुरूआत में ही शहर में खरीददारी हेतु भीड़ बढ़ी है और शहर के सभी व्यस्त मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ा है। इसी क्रम में पुलिस अधिकारियों ने शहर में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था कायम रखने के उद्देश्य से सुरक्षा व यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। पैदल मार्च के दौरान बेतरतीब खड़े वाहनों पर चालानी कार्रवाई की गई। साथ ही दोपहिया वाहनों के अवैध साइलेंसरों एवं रफ्तार में वाहन चलाने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।


सुरक्षा संबंधी फीडबैक ली पुलिस
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक ने शहर के प्रमुख मार्गों में पैदल मार्च करके व्यापारियों एवं महिलाओं से सुरक्षा के संबंध में फीडबैक भी लिया। स्थानीय व्यापारियों, ज्वेलरी के कारोबारियों एवं शहर के वरिष्ठ नागरिकों से चर्चा के दौरान पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा की दृष्टि से दुकानों एवं घरों में सीसीटीवी कैमरा लगवाने की अपील की। कोतवाली प्रभारी को क्षेत्र में प्रभावी पेट्रोलिंग सुनिश्चित कराने, संदिग्धों पर नजर रखने, सीसीटीवी कैमरों की सहायता से प्रभावी व्यवस्था बनाए रखने व यातायात पुलिस को लगातार लगातार भ्रमण कर यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के दिशा-निर्देश दिए।
अप्रिय घटना रोकने पुलिस की चौकसी तेज
सरगुजा पुलिस ने किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए शहर में जगह-जगह बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई है, एवं सुरक्षा की दृष्टि से प्रभावी नाकेबंदी की व्यवस्था की गई है। सरगुजा पुलिस ने आम नागरिकों से आग्रह किया है कि यातायात निर्देशिका के नियमों का पालन करें एवं वन-वे की व्यवस्था बनाए रखने में सरगुजा पुलिस की मदद करें। पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने त्योहारों को लेकर सुरक्षा के संबंध में सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। यह अभियान लगातार जारी रखने के लिए निर्देशित किया गया है।

Categorized in: