सीसीटीवी का डीबीआर भी ले गए
अंबिकापुर। नगर के खरसिया चौक स्थित रितेश अग्रवाल के किराने की थोक दुकान के छत के रोशनदान का छड़ काटकर अंदर घुसे चोरों ने 35 हजार नकद और सामान पार कर दिया। दुकान में पहले भी चोरी का प्रयास किया गया था लेकिन चोरों को सफलता नहीं मिल सकी थी। चोर नकदी और सामान के अलावा दुकान में लगे सीसी कैमरे का डीवीआर भी अपने साथ ले गए हैं। सीसी कैमरे को खोल कर उन्होंने दुकान में ही छोड़ दिया था। माना जा रहा है कि उनका चेहरा सीसीटीवी कैमरे में कैद न हो इसलिए उन्होंने ऐसा किया है। इस इलाके में पहले भी चोरी की छोटी-बड़ी घटनाएं हो चुकी हैं लेकिन चोरों को पकड़ने में पुलिस को सफलता नहीं मिली है।
जानकारी के मुताबिक खरसिया चौक के नजदीक रितेश अग्रवाल की किराना सामान की थोक एजेंसी है। एजेंसी का संचालक शुक्रवार की रात रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गया था। शनिवार की सुबह लगभग दस बजे जब वे शटर खोलकर भीतर घुसे तो उनका ध्यान छत में बने रोशनदान पर पड़ा, जिसके नीचे कचड़ा पड़ा था। रोशनदान में लगे छड़ को काटा गया था। उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो दुकान के छत से लगे रोशनदान व खिड़की में लगे छड़ को काटकर चोर दुकान में घुसे थे। इसके लिए दुकान में रखे बोर्ड का सहारा उन्होंने लिया था। चोरों ने दुकान से 35 हजार रुपये नकद पार किया है, इसके अलावा सामानों की भी चोरी हुई है। किराना की थोक एजेंसी होने के कारण एक-एक सामान का मिलान कर पाना आसान नहीं है। बहरहाल चोरी की इस घटना से खरसिया नाका क्षेत्र में संचालित दुकानों के संचालक सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। इस इलाके में छोटी-बड़ी चोरी की घटनाएं लगातार हो रही हैं। बता दें कि अंबिकापुर के बाबू पारा क्षेत्र में भी पिछले हफ्ते ही दो दुकानों में चोरी की घटनाएं हुई थी। ऐसी घटनाएं लगातार हो रही हैं।चोरी की छोटी घटनाओं पर पुलिस का ध्यान नहीं है, जिससे कभी भी शहर में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देकर चोर पुलिस को खुली चुनौती भी दे सकते हैं। इन घटनाओं में नशेड़ी युवाओं के शामिल होने का भी संदेह जताया जा रहा है।

Categorized in: