मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में नकली मंगलसूत्र वितरित करने का लग रहा आरोप

पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने मामले को गंभीरता से लेकर की उच्चस्तरीय जांच की मांग

मनेंद्रगढ़ (एमसीबी)। एमसीबी जिले के खड़गवां विकासखंड अंतर्गत चनवारीडांड में विगत 10 फरवरी 2026 को आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत सामूहिक विवाह कार्यक्रम में वितरित किए गए मंगलसूत्रों को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। कार्यक्रम में शामिल कुछ हितग्राहियों द्वारा मंगलसूत्रों की गुणवत्ता पर सवाल उठाए जाने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। इस पूरे प्रकरण को लेकर पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने भाजपा सरकार और महिला एवं बाल विकास विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने जारी बयान में कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना का उद्देश्य नवविवाहित बेटियों को सम्मानपूर्वक सहयोग प्रदान करना है, लेकिन यदि योजना के तहत चांदी के नाम पर नकली अथवा निम्न गुणवत्ता वाले मंगलसूत्र वितरित किए गए हैं, तो यह अत्यंत गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि यह केवल वित्तीय अनियमितता का विषय नहीं, बल्कि बेटियों के सम्मान और उनके विश्वास से जुड़ा मुद्दा है। उन्होंने कहा कि शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ हितग्राहियों तक पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ पहुंचना चाहिए, लेकिन लगातार सामने आ रही शिकायतें विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही हैं। गुलाब कमरो ने आरोप लगाया कि महिला एवं बाल विकास विभाग में पूर्व में भी विभिन्न प्रकार की शिकायतें और अनियमितताओं के मामले सामने आते रहे हैं, इसके बावजूद सरकार प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में असफल रही है।
पूर्व विधायक ने भाजपा सरकार से कई महत्वपूर्ण सवाल पूछते हुए कहा कि यदि शिकायतें सही हैं तो यह स्पष्ट होना चाहिए कि बेटियों के नाम पर यह कथित खेल किसने खेला? सामग्री की खरीदी और वितरण की प्रक्रिया में किन अधिकारियों और जिम्मेदार व्यक्तियों की भूमिका रही? तथा किसके संरक्षण में यह कथित अनियमितता हुई? उन्होंने कहा कि सरकार को इस मामले को हल्के में नहीं लेना चाहिए और पूरी पारदर्शिता के साथ जांच करानी चाहिए, ताकि सच्चाई जनता के सामने आ सके। उन्होंने मांग की कि पूरे प्रकरण की न्यायिक अथवा उच्चस्तरीय स्वतंत्र जांच कराई जाए, जांच पूर्ण होने तक संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से हटाया जाए तथा जिन हितग्राही कन्याओं को संदिग्ध गुणवत्ता वाले मंगलसूत्र मिले हैं, उन्हें मानक गुणवत्ता के वास्तविक चांदी के मंगलसूत्र उपलब्ध कराए जाएं। पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने कहा कि बेटियों के सम्मान से जुड़ी किसी भी योजना में भ्रष्टाचार या लापरवाही की कोई गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि जांच में अनियमितता सिद्ध होती है तो दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता यह जानना चाहती है कि बेटियों के हितों की रक्षा के लिए बनाई गई योजनाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए सरकार क्या कदम उठा रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि हितग्राहियों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को लगातार उठाती रहेगी। बेटियों के सम्मान से समझौता किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता। यदि शिकायतें सही हैं तो दोषियों को हर हाल में जवाबदेह बनाया जाना चाहिए और प्रभावित हितग्राहियों को न्याय मिलना चाहिए।

Categorized in: