सास पर टांगी से वार करते देख पत्नी बचाने पहुंची, तो उस पर भी किया हमला
पत्नी भागकर बचाई जान, रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी पुत्र को गिरफ्तार किया

अंबिकापुर। रुपये नहीं देने से नाराज युवक ने टांगी से ताबड़तोड़ प्रहार कर अपनी मां को मौत के घाट उतार दिया। पति के सिर पर खून सवार देख जब सास को बचाने पत्नी पहुंची तो वह उस पर भी हमला कर दिया, इसके बाद वह भाग निकली। पति के करतूत की जानकारी दूसरे दिन मृतका की बहू ने थाने में जाकर दी। घटना बलरामपुर जिले के राजपुर थाना अंतर्गत पहाडखड़ुवा ग्राम में 24 अगस्त की रात हुई। राजपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित बेटे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक बलरामपुर जिले के राजपुर थाना अंतर्गत ग्राम पहाडखड़ु़वा की सुनीता 24 अगस्त की सुबह अपनी सास छंदनी के साथ गांव के ही महेश गुरुजी के खेत में काम करने गई थी। सुनीता का पति कोन्दवा भैंस चराने जंगल गया था। शाम को सुनीता और उसकी सास खेत से मजदूरी कर के घर लौटे, कुछ देर बाद कोन्दवा भी घर आया। रात में सभी ने एक साथ हडिय़ा शराब का सेवन किया। इसके बाद रात लगभग 10 बजे कोन्दवा अपनी मां छंदनी से मजदूरी में मिले रुपये को मांगने लगा, जिस पर उसने मजदूरी नहीं मिलने की बात कहते हुए खेत मालिक द्वारा रविवार को देने की बात कही। इस पर कोन्दवा नाराज हो गया और गाली-गलौज करते हुए टांगी उठाकर मां पर ताबड़तोड़ वार करने लगा। यह देख उसकी पत्नी सुनीता बीच-बचाव करने का प्रयास की तो वह उस पर भी टांगी से हमला कर दिया। किसी तरह वह जान बचाकर भागी और पड़ोसी के घर में छिप गई। इधर टांगी के हमले में गंभीर रूप से जख्मी हुई छंदनी दम तोड़ दी। इसकी रिपोर्ट मृतिका की बहू ने राजपुर थाने में दर्ज कराई थी, जिस पर पुलिस ने हत्यारोपी पुत्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

Categorized in: