रामानुजगंज(विकाश कुमार केशरी)- रामचंद्रपुर विकासखंड के ग्राम चेरा, सलवाही,महादेवपुर, चुनापाथर डूमरपान के करीब 12 हजार की आबादी मोबाइल नेटवर्क की समस्या से लंबे समय से जूझ रहा है जिओ कंपनी के द्वारा 2 साल पहले जब चेरा में टावर खड़ा किया गया था तो लोगों को यहां मोबाइल नेटवर्क की समस्या से निजात पाने की आस जगी थी परंतु आज तक जिओ टावर शुरू नहीं हो पाया है जिससे ग्रामीणों में भारी निराशा है।

रामचंद्रपुर विकासखंड के दूरवर्ती गांव ग्राम चेरा सलवाही महादेवपुर चुनापथर डूमरपान के लोगों के पास हाथों में तो मोबाइल है परंतु स्थिति यह है कि वह मोबाइल का उपयोग बहुत ही कम कर पा रहे हैं जिससे उन्हें काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामवासियों के द्वारा लगातार प्रशासन से यहां मोबाइल नेटवर्क प्रारंभ करवाए जाने की मांग की जाती रही है परंतु अभी तक प्रशासन के द्वारा इस ओर गंभीरतापूर्वक मोबाइल नेटवर्क प्रारंभ करने का प्रयास नहीं किया गया है जिसका खामियाजा इन गांव की 12000 की आबादी उठा रही है।

यूपी के जियो एवं एयरटेल नेटवर्क का है सहारा- उत्तर प्रदेश की सीमा से सटे हुए गांव के लोगों को छत्तीसगढ़ के मोबाइल नेटवर्क की सुविधा नहीं मिल पा रही है परंतु घरों के छत के ऊपर या ऊंचाई वाले स्थानों पर जाकर उत्तर प्रदेश के जियो एवं एयरटेल नेटवर्क मिलता है जिससे वे मुश्किल से बात कर पाते हैं। वही डिंडो में लगा आइडिया का टावर भी कभी-कभी काम करता है।

टावर बना शोपीस- जब ग्राम महादेवपुर तालकेश्वरपुर एवं चेरा में जिओ कंपनी का टावर लगा तो गांव वाले बहुत खुश थे कि अब हमें नेटवर्क की समस्या से दो-चार नहीं होना पड़ेगा परंतु जिओ कंपनी का टावर खड़ा हुए 2 वर्ष से अधिक समय गुजर गया परंतु आज तक टावर प्रारंभ नहीं हो सका है जिससे गांव के लोगों में निराशा है।

ऑनलाइन पढ़ाई करना नहीं होगा संभव- एक ओर जहां लॉकडाउन के कारण शासन के द्वारा छात्र छात्राओं को ऑनलाइन पढ़ाई करवाई जा रही है ऐसे में यहां ऑनलाइन पढ़ाई करना तो संभव ही नहीं है जब नेटवर्क ही नहीं रहता बात ही नहीं हो पाती तो नेट कहां से चलेगा।

Categorized in: