गिरजा ठाकुर
अंबिकापुर। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की गुरूवार को आहूत बैठक के मद्देनजर राजमाता श्रीमति देवेंद्र कुमारी सिंहदेव शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध अस्पताल में मंगलवार की देर रात लगभग सवा दो बजे औचक स्वास्थ्य सचिव आर.प्रसन्ना के पहुंचने से हड़कंप की स्थिति बन गई। यहां ड्यूटी दे रहे चिकित्सक, नर्स व स्टॉफ अलर्ट मोड पर नजर आए। इसके पहले वे उदयपुर के शासकीय स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, उपस्थित चिकित्सक व कर्मचारियों की तैनाती का जायजा लिए थे। इसकी सूचना स्वास्थ्य महकमे को मिल चुकी थी। उदयपुर से स्वास्थ्य सचिव के रवानगी की खबर के बाद उनके मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचने की संभावना बनी थी। ऐसे में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.पीएस सिसोदिया सहित अन्य चिकित्सा अधिकारी अस्पताल में मौजूद रहे।
देर रात मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे स्वास्थ्य सचिव आर.प्रसन्ना औचक आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे। इस दौरान यहां रात्रिकालीन सेवा के लिए चिकित्सक, नर्स, फार्मासिस्ट, ड्रेसर सहित अन्य स्टॉफ मौजूद थेे। आपातकालीन चिकित्सा परिसर में कुछ मरीजों का इलाज चिकित्सकों की निगरानी में चल रहा था। स्वास्थ्य सचिव ने आइसीयू, सौ बिस्तर मातृ एवं शिशु अस्पताल के प्रथम तल का निरीक्षण करने के साथ ही एसएनसीएयू, लेबर वार्ड, ऑपरेशन थियेटर का लगभग डेढ़ घंटे निरीक्षण किया। मेडिकल कॉलेज अस्पताल का निरीक्षण करने के बाद वे बलरामपुर जिले के दौरे पर निकले। गुरूवार को होने वाली बैठक में शामिल होने के लिए स्वास्थ्य विभाग के डायरेक्टर भीम सिंह भी रवाना हो चुके हैं। वे भी संभाग के अन्य जिलों के अस्पतालों का औचक निरीक्षण कर सकते हैं। बता दें कि आर.प्रसन्ना पूर्व में सरगुजा जिले में एसडीएम व कलेक्टर के पर पर रह चुके हैं। यहां पदस्थापना दौरान उन्होंने अस्पताल की सूरत बदलने की कवायद शुरू की थी। उनके प्रयास से अस्पताल को बेहतर चिकित्सक कक्ष सहित अन्य सुविधाएं मिली थीं। स्वास्थ्य सेवा सहित जिले वासियों को बेहतर सुविधाओं को दिलाने का प्रयास उन्होंने अपने कार्यकाल में किया और नगरवासियों से जुड़े रहे। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की सलाहकार प्रियंका कुरील सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।  
बास्केटबॉल मैदान पहुंचे स्वास्थ्य सचिव
अंबिकापुर प्रवास के क्रम में स्वास्थ्य सचिव आर.प्रसन्ना गुरूवार को बास्केटबॉल मैदान में पहुंचे। वे यहां मौजूद लोगों से अपने चिरपरिचित अंदाज में मिले और राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के दूसरे दिन के खेल का औपचारिक शुरूआत किए। सरगुजा जिले में बतौर कलेक्टर पदस्थापना के दौरान उन्होंने लोगों के बीच अपनी जो छवि सामने लाई थी, उसके लोग आज भी कायल हैं।
होटल ग्रैंड बसंत में होगी संभागीय समीक्षा
नगर के होटल ग्रैंड बसंत में स्वास्थ्य विभाग की संभागीय समीक्षा बैठक आज गुरूवार को आयोजित की गई है। बैठक प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव लेंगे। बैठक में स्वास्थ्य सचिव आर.प्रसन्ना, हेल्थ डायरेक्टर भीम सिंह, एमडी एनएचएम भास्कर विलासन सहित अन्य अधिकारी शामिल होंगे। स्थानीय स्तर पर मेडिकल कॉलेज के डीन, अस्पताल अधीक्षक, स्वास्थ्य विभाग से संयुक्त संचालक, संभाग के सभी जिले के सीएमएचओ, सिविल सर्जन, बीएमओ, एनएचएम के अधिकारी, डीपीएम, बीपीएम, सीपीएम सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारियों की बैठक में उपस्थिति रहेगी। बैठक को लेकर संभाग के स्वास्थ्य अधिकारी-कर्मचारी सजग हैं।

Categorized in: