कहा-अस्पताल आते तक दम तोड़ रहे लोग, सड़क हादसे जा रही कई लोगों की जान

अंबिकापुर। तेजस्वी नारी शक्ति, सामाजिक संगठन ने बुधवार को शहर की जर्जर सड़कों को लेकर बनारस रोड के गड्ढों में धान के पौधा को रोपा। महिलाओं ने कहा सड़क की जिस प्रकार की हालत है, उसे देखते हुए आम नागरिकों को हर दिन कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बीमारों को बदहाल सड़कों से किसी वाहन में लेकर आना-जाना मुश्किल हो गया है। सड़क में बने बड़े गड्ढों से उनकी और ही दुर्गति हो जाती है। इसके अलावा बारिश के कीचड़-मिट्टी का वाहनों के आवागमन से पडऩे वाला छींटा झेलना मजबूरी है। शहर से लगी सड़कों की हालत पर गौर करें तो कई जगह सड़क का नामोनिशान नहीं है। गर्भवती महिलाओं को लेकर महतारी एक्सप्रेस अस्पताल समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पाती। कई बार स्वजनों के द्वारा खाट में ऐसी महिलाओं को लेकर पगडंडी, खेत के रास्ते से लेकर सड़क तक पहुंचने का नजारा देखने को मिलता है। कई मरीज एंबुलेंस से अस्पताल आते वक्त खराब सड़कों की वजह से गांव-घर में या रास्ते में दम तोड़ देते हैं। आए दिन राहगीरों की सड़क दुर्घटना से दर्दनाक मौत होती है। इन दुर्घटनाओं के लिए संगठन की महिलाओं ने छत्तीसगढ़ शासन को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि सड़क दुर्घटना से मरने वाले प्रत्येक व्यक्ति के स्वजनों को एक करोड़ रुपये क्षतिपूर्ति राशि दिया जाए। रोपा बुवाई के कार्य में लगे ज्योति चौरसिया, सुनीता सोन्हा, सर्वेश्वरी बागे, रूबीना मंडल, अनीता टेकाम, अंजू यादव, सरिता सिंह, दीपा, सुरजनी, रामपति, प्रसादी, सुरेश राम बुनकर, बसंत गिरी सहित अन्य ने कहा आने वाले समय में अगर शहर सहित जिले के पहुंच विहीन ग्रामों की सड़कें नहीं बनीं तो सामाजिक कार्यकर्ताओं के द्वारा वृहद आंदोलन कर सरकार को जागृत करने का काम किया जाएगा।

Categorized in: