पुलिस जांच में सामने आया-मृतक के सगे भाइयों ने टांगी से वार कर की थी हत्या
आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजी पुलिस, हत्या का कारण जमीन संबंधी विवाद


अंबिकापुर। बलरामपुर जिले में कुसमी विकासखंड के करौंधा थाना अंतर्गत जमीन विवाद पर दो सगे भाइयों ने अपने ही तीसरे सगे भाई की टांगी से वार कर बेरहमी से हत्या कर दी औरशव को सड़क के किनारे गड्ढे में छिपा दिया। दो दिन तक घर नहीं लौटे पिता को नाती व बेटी ने ढूंढना शुरू किया, इस दौरान बेटी को पिता का शव मिला। इसकी सूचना करौंधा थाने में दी गई, जिस पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा किया और विवेचना शुरु की। मामला पहली नजर में हत्या का प्रतीत होने पर पुलिस को मृतक के सगे भाइयों पर संदेह हुआ। दोनों भाइयों से कड़ाई से पूछताछ करने पर उन्होंने भाई की हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस ने दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक करौंधा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पाकरडीह निवासी कस्टू राम अपनी पत्नी के साथ रहकर खेती-किसानी करके जीवन-यापन करता था। मृतक का इकलौता पुत्र काफी समय से गायब है, बेटियां विवाह के बाद अपने ससुराल में रहती हैं। 13 अप्रैल को ग्राम प्रेमनगर में रहने वाली बेटी भगवती बाई ने गायब पिता के शव को देखा और 14 अप्रैल को करौंधा थाने पहुंचकर पिता की हत्या कर शव गांव के ही गड्ढे में फेंक देने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। भगवती ने पुलिस को बताया था कि 13 अप्रैल को उसके पुत्र शिवशंकर ने फोन पर बताया कि नाना दो दिन से घर नहीं आए हैं। इसके बाद 14 अप्रैल को वह गांव पहुंचकर अपनी मां से पूछताछ की तो उसने बताया कि 11 अप्रैल को उसके पिता मवेशियों के लिए चारा लेने खेत गए थे, लेकिन दो दिन बाद भी उनकी वापसी नहीं हुई है। इसके बाद बेटी अपने पुत्र के साथ पिता की खोज में बांस टोला रोड की तरफ गई, यहां चाचा गणेश ने गांव से लगे कसियारीडांड़ में जाकर देखने कहा, जब वह यहां पहुंची तो उसके पिता की बाल्टी व गमछा मिला। यहीं पास में रखे पैरा में खून के छींटे देख वह उस दिशा में गई, जिधर खून के धब्बे नजर आ रहे थे। यहां गड्ढे में पिता की लाश देख वह थाने पहुंची और पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने शव का पंचनामा, पोस्टमार्टम कराया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में गहरे चोट के कारण मौत होना बताया गया, जिस पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच में लिया था। कार्रवाई में थाना प्रभारी जय सिंह धुर्वे, एएसआइ प्रकाश तिर्की, कैलाश सिंह, प्रधान आरक्षक संत कुमार नेताम, आरक्षक धिरेंद्र सिंह चंदेल व राधेश्याम पैकरा शामिल रहे।

Categorized in: