कोतवाली पुलिस की कार्रवाई
अंबिकापुर। न्यायालय परिसर से चोरी गई मोटरसाइकिल के साथ आरोपित को कोतवाली पुलिस ने 24 घण्टे के अंदर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित मोटरसाइकिल चोरी करने के बाद उसका चाभी बनवाने के लिए महामाया चौक के पास घूम रहा था। पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज अजय कुमार यादव व पुलिस अधीक्षक अमित तुकाराम कांबले ने आरोपित की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। जिस पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला व नगर पुलिस अधीक्षक अखिलेश कौशिक के मार्गदर्शन में पेट्रोलिंग गश्त की टीम आरोपित की तलाश में जुटी और चोरी गई मोटरसाइकिल के साथ आरोपित को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम सोनबरसा, नवानगर की संगीता ठाकुर पति स्व.पुनीराम (35) बीते 19 अप्रैल को न्यायालय अंबिकापुर में पेशी के लिए आई थी। न्यायालय परिसर में मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 15 डीयू 6287 को खड़ी कर वे न्यायालयीन काम निपटाने चले गए। बाहर निकले तो मोटरसाइकिल नहीं थी। घटना की रिपोर्ट कोतवाली अंबिकापुर में दर्ज कराई गई थी, जिस पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 328/2022 धारा 379 भादवि कायम कर विवेचना में लिया था। 21 अप्रैल को मोटरसाइकिल की पतासाजी के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति महामाया चौक में मोटरसाइकिल लेकर डुप्लीकेट चाबी बनवाने के लिये घूम रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम जब उक्त व्यक्ति से पूछताछ की तो सतीश सोनी पिता दिलराम सोनी (26) निवासी शिकारी रोड बौरीपारा स्थाई पता बरटोली बगीचा जिला जशपुर ने बताया कि 19 मार्च को वह न्यायालय परिसर अंबिकापुर से मोटरसाइकिल चोरी कर कलाकेंद्र मैदान के पास छिपा दिया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मोटरसाइकिल बरामद किया। आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। कार्रवाई में निरीक्षक भारद्वाज सिंह, सउनि विवेक कुमार पांडेय, प्रधान आरक्षक धर्मेंद्र श्रीवास्तव, आरक्षक जयदीप सिंह, अमित विश्वकर्मा, बृजेश राय, शिव राजवाडे, कुदंन सिंह सहित अन्य शामिल रहे।

Categorized in: