राजेन्द्र ठाकुर/ बलरामपुर

बलरामपुर विकासखंड अंतर्गत माध्यमिक शाला, झलपी में शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन बड़े ही उत्साह एवं उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों सरपंच, उपसरपंच, समस्त वार्ड पंच शिक्षा समिति के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्यगण, अभिभावकगण, संकुल प्राचार्य, संकुल समन्वयक, विद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण से हुई। नवप्रवेशी बच्चों का स्वागत पारंपरिक तिलक, माल्यार्पण एवं पुष्पवर्षा के साथ किया गया, जिससे विद्यालय परिसर में उल्लास का रंग और गहराता चला गया। बच्चों के चेहरों पर मुस्कान और अभिभावकों की आंखों में तैरती उम्मीदें इस आयोजन को अविस्मरणीय बना गईं।
संकुल प्राचार्य भगवती चरण बैरागी ने शासन द्वारा प्रदत्त शैक्षणिक सुविधाओं की जानकारी देते हुए बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने हेतु प्रेरित किया। सरपंच रविशंकर सिंह ने बच्चों को शिक्षा का महत्व समझाते हुए ग्राम पंचायत की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
उपसरपंच दिवाकर गुप्ता ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को जागरूक रहकर पढ़ाई के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी और संस्थागत सहयोग की बात कही। संतोष यादव ने भी विद्यार्थियों को मेहनत व अनुशासन से अध्ययन करने हेतु प्रोत्साहित किया।
प्रधान पाठक सुनील कुमार गुप्ता ने शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए समस्त अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर मंगेश गुप्ता, अशोक सिंह, दीपक गुप्ता, कृपाशंकर गुप्ता, उचित सिंह, अशोक कुजूर सहित भारी संख्या में लोग उपस्थित रहे

Categorized in: