आगर जिले में एक शख्स ने पत्नी की दराते से ताबड़तोड़ हमला कर हत्या कर दी। दरअसल, शनिवार को दोपहर पति-पत्नी खेत पर फसल कटाई का काम कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। इससे महिला तैश में आ गई और उसने पति पर दराते से वार दिया।

इससे युवक की नाक पर गंभीर चोट आई है। जख्मी हाेने के बाद युवक भी अपना आपा खो बैठा, और उसने पत्नी पर दराते से लगातार वार करना शुरू कर दिया। गुस्से में वह पत्नी पर तब तक दराता मारता रहा, जब तक की उसकी मौत न हो गई। पत्नी की हत्या करने के बाद युवक शव के पास बैठा रहा। इसके बाद जब उसका बेटा खेत पहुंचा, तो उसने कीटनाशक पीकर आत्महत्या करने की कोशिश की। पुलिस को मौके से जहर की बोतल मिली है।

यह है मामला

मामला आगर मालवा के कुशलपुरा का है। शनिवार को यहां एक दंपती अपने खेत पर मसूर की फसल कटाई के लिए पहुंचे थे। इस दौरान पति पत्नी में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। जो कुछ ही देर में विवाद में बदल गई। दोनों एक दूसरे पर आरोप लगाकर अपशब्द कहने लगे। उनके बीच जमकर झूमा झटकी भी हुई।

इस दौरान महिला दराता लेकर पति पर टूट पड़ी। उसने युवक की नाक पर दराता दे मारा। इससे उसे गंभीर चोट आई है। इससे गुस्साए पति ने भी दराते से महिला पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वह अपनी पत्नी को मौत के घाट उतारने तक मारता रहा।

सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी

जानकारी मिलने पर बड़ा गांव चौकी प्रभारी माधव सिंह परिहार सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचे और मामले की जांच में जुट गए। चौकी प्रभारी माधव सिंह परिहार ने बताया कि प्राथमिक की जांच में बबीता बाई (32) और उसके त्रिलोक पिता छगनलाल पाटीदार (35) निवासीगण ग्राम कुशलपुरा के बीच किसी बात को लेकर खेत पर फसल काटने के दौरान विवाद हो गया और दोनों के बीच मारपीट हो गई।

इसमें बबीता को गंभीर चोट आने के बाद उसकी मौत हो गई और उसका पति गंभीर रूप से घायल है, जिसे जिला अस्पताल आगर उपचार के लिए भेजा है। मामले में आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है।

पीएम रिपोर्ट आने के बाद होगा खुलासा- एएसपी

एएसपी नवल सिंह सिसोदिया ने बताया कि पति-पत्नी अपने खेत पर मसूर की फसल काट रहे थे। तभी दोनों के बीच विवाद हो गया और दोनों ने एक दूसरे पर हासिए (दराते) से वार कर दिया। इसमें पत्नी की मौत हो गई, यह देख घायल पति ने कीटनाशक दवा का सेवन भी कर लिया। जिसे गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल आगर में उपचार के बाद रेफर किया गया है। मामले में मृतिका के पोस्टमार्टम के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।

Categorized in: