राजेन्द्र ठाकुर/बलरामपुर 

बलरामपुर
शासकीय नवीन कन्या महाविद्यालय, बलरामपुर में मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत छात्राओं द्वारा एक सशक्त एवं प्रेरणादायी नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। इस नाटक के माध्यम से युवा मतदाताओं को लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने तथा जागरूक नागरिक बनने का संदेश दिया गया।
नाटक में यह भावपूर्ण संदेश दिया गया कि “हर एक वोट लोकतंत्र की नींव को मजबूत बनाता है”। साथ ही छात्राओं ने मतदान प्रक्रिया, मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की जानकारी तथा ECINET मोबाइल एप के उपयोग के बारे में भी बताया, जिसके माध्यम से मतदाता अपने BLO से संपर्क कर सकते हैं, फॉर्म भर सकते हैं और मतदाता सूची से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य अगस्टिन कुजूर ने छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम लोकतांत्रिक चेतना को गहराई तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वहीं मतदाता जागरूकता नोडल अधिकारी प्रो. ब्लासियुस एक्का ने उपस्थित छात्राओं एवं नागरिकों से आगामी चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान कर सशक्त लोकतंत्र के निर्माण में भागीदार बनने का आग्रह किया। यह
स्वीप नोडल अधिकारी, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। स्वीप कार्यक्रम के तहत जिलेभर में निरंतर मतदाता जागरूकता गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं, जिनका उद्देश्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और मतदान के दिन मतदान केंद्र पर पहुँचकर अपना मत देने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, छात्राएँ एवं कर्मचारीगण उत्साहपूर्वक सम्मिलित हुए और लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।

Categorized in: