अंबिकापुर। बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर पुलिस चौकी अंतर्गत पेंडारी ग्राम पंचायत में स्थित शिव मंदिर से मूर्ति चोरी के मामले में पुलिस ने छह घंटे के अंदर मूर्तियों सहित आरोपित को धर दबोचा। स्निफर डॉग की मदद से पुलिस आरोपित के घर तक पहुंची और तलाशी लेकर मूर्तियां बरामद की। जानकारी के मुताबिक विश्वनाथ कुशवाहा पिता स्व.रघुनंदन कुशवाहा निवासी ग्राम पेंडारी तनवारीपारा ने रिपोर्ट दर्ज कराया था कि मध्य रात्रि को ग्राम पंचायत पेंडारी के तनवारीपारा में स्थापित शिव मंदिर से अज्ञात व्यक्ति द्वारा मूर्ति और करीब सात हजार रुपये की चोरी की गई है। रिपोर्ट पर पुलिस अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में ली। पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुशील नायक के निर्देशन व एसडीओपी वाड्रफनगर अभिषेक झा एवं थाना प्रभारी बसंतपुर कृष्णा पाटले के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी विनोद पासवान ने मुखबिर व स्निफर डॉग की मदद से पतासाजी करते संदेही शिवमंगल मरावी पिता रूपन निवासी ग्राम पेंडारी तनवारी पारा तक पहुंची। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपित ने अपना जुर्म स्वीकार किया और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गई मूर्तियों को बरामद किया। आरोपित के विरुद्ध धारा 379, 295 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। कार्रवाई में विनोद पासवान चौकी प्रभारी के साथ सहायक उप निरीक्षक राधेश्याम विश्वकर्मा, आरक्षक हरिशंकर साय, शिवकुमार पटेल, जुगेश जायसवाल, राम पुकार, रामकलेश्वर, एमटीआर रोशन उइके शामिल रहे।

Categorized in: