प्रतापपुर। विकासखंड मुख्यालय के करीब मंडी प्रांगण में चल रहे निर्माणाधीन मंडी गोदाम में लग रहे सड़क बत्ती के कार्य में लापरवाही भारी पड़ी, इस दौरान 33 किलोवाट बिजली सप्लाई लाइन की चपेट में आने से तीन मजदूर झुलस गए। स्थिति खराब देख इन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतापपुर में भर्ती कराया गया, यहां से इन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार मंडी प्रांगण प्रतापपुर में गोदाम निर्माण, रेस्ट हाउस निर्माण के साथ स्ट्रीट लाइट का कार्य अलग-अलग ठेकेदारों के द्वारा कराया जा रहा है। स्ट्रीट लाइट का कार्य अंबिकापुर निवासी मजदूर मेराज खान पिता इस्लाम, राजन, अजय कर रहे थे। बड़ा सीढ़ी लगाकर लाइट फिटिंग करने के दौरान लोहे की सीढ़ी 33केवी विद्युत लाइन के संपर्क में आ गई, जिसमें तीनों मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास में चल रहे अन्य निर्माण कार्य के मजदूरों और मुंशी ने आनन-फानन में मजदूरों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतापपुर में भर्ती कराया, यहां इनका प्रारंभिक उपचार किया गया। स्थिति में सुधार नहीं होने पर इन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर के लिए रेफर कर दिया गया है। बड़े निर्माण कार्य में ठेकेदार की लापरवाही को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। इस संबंध में विभाग के इंजीनियर और ठेकेदार से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे चर्चा नहीं हो पाई।

Categorized in: