अपर कलेक्टरों को तहसील व एसडीएम कार्यालय का निरीक्षण करने के निर्देश

अंबिकापुर। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने मंगलवार को कलेक्टोरेट के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभागीय कार्यों एवं योजनाओं के प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने राजीव गांधी भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजनांतर्गत सामान्य हितग्राही सहित बैगा-गुनिया के पंजीयन की समीक्षा करते हुए प्रत्येक गांव के सभी पात्र हितग्राही का पंजीयन कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए।


उन्होंने कहा राज्य शासन द्वारा निर्धारित समय-सीमा के अनुसार पंजीयन की कार्रवाई सुनिश्चित करें। पंजीयन में एक भी अपात्र शामिल न हो। उन्होंने कहा तहसीलदार व जनपद सीईओ बैगा-गुनिया के लिए पात्र हितग्राही चयन के लिए ग्रामसभा की कार्रवाई विवरण का अवलोकन करें। वर्तमान में तैयार सूची को संशोधित कर 18 अगस्त तक सॉफ्टवेयर में अपलोड कराएं। उन्होंने तहसील एवं एसडीएम कार्यालयों में लंबित राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अविवादित प्रकरणों सहित न्यायालय में लंबित आवेदनों का शत-प्रतिशत निराकरण अगले एक सप्ताह में करने कहा। पटवारी व आरआई प्रतिवेदन के अभाव में कोई प्रकरण लंबित न रहे। पटवारी युद्धस्तर पर प्रतिवेदन पूरा कराएं।

तहसील व एसडीएम कार्यालय का अपर कलेक्टर निरीक्षण करें व लंबित प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने हेतु संबंधित को निर्देशित करें। कलेक्टर ने मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना व हाट-बाजार क्लीनिक योजना में ओपीडी की संख्या बढ़ाने तथा हाट-बाजार में लगने वाले शिविरों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की भी ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधा शुरू करने के लिए नेटवर्क की उपलब्धता हेतु वन विभाग, राजस्व एवं ई-जिला प्रबंधक को जिम्मेदारी दी। इस बैठक में जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार लंगेह, नगर पालिक निगम की आयुक्त प्रतिष्ठा ममगई, अपर कलेक्टर द्वय एएल धु्रव, तनुजा सलाम, वनमंडलाधिकारी पंकज कमल, सभी एसडीएम, तहसीलदार, जनपद सीईओ एवं जिले के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।


गड़बड़ी पर तहसीलदार होंगे जिम्मेदार-
कलेक्टर ने फसल गिरदावरी की समीक्षा करते हुए त्रुटि रहित व सही गिरदावरी करने कहा। उन्होंने कहा किसी प्रकार की गड़बड़ी होने पर तहसीलदार जिम्मेवार होंगे। 18 अगस्त को आयोजित गिरदावरी प्रशिक्षण में सभी पटवारी आरआई, तहसीलदार व डिप्टी कलेक्टर को शामिल करने के निर्देश दिए। गिरदावरी का कार्य 30 सितंबर तक पूरा किया जाना है।


दो सीएमओ को नोटिस जारी करने के निर्देश
कलेक्टर ने राज्य शासन के निर्देशानुसार कृष्ण कुंज योजना के तहत सभी नगरीय निकाय क्षेत्रों में वन विभाग द्वारा एक-एक कृष्ण कुंज निर्माण के प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने केवल नगर निगम अंबिकापुर में निर्माण कार्य शुरू होने व लखनपुर व सीतापुर नगर पंचायतों में भूमि चयन नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए दोनों नगर पंचायत के सीएमओ को तत्काल भूमि चयन कर निर्माण शुरू करने व 18 अगस्त तक काम पूरा कराने के निर्देश दिए। लापरवाही पर दोनों सीएमओ को कारण बताओ सूचना जारी करने निर्देशित किया।


गौमूत्र उत्पाद की शीघ्र होगी बिक्री
सरगंवा व बटवाही गोठान में शुरू किए गए गौमूत्र खरीदी के बाद अब गौमूत्र से तैयार जीवामृत व ब्रम्हास्त्र की बिक्री शीघ्र शुरू होगी। दोनों गोठानों में कुल 400 लीटर जीवामृत व 25 लीटर ब्रम्हास्त्र तैयार किया गया है। कलेक्टर ने जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को इन उत्पादों का उपयोग करने प्रोत्सहित करने के निर्देश दिए।
नौ और आत्मानंद स्कूल खुलेंगे
कलेक्टर कुंदन कुमार ने कहा कि आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल के अच्छे सकारात्मक प्रभाव को देखते हुए राज्य शासन द्वारा जिले में नौ और स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय खोलने की प्रक्रिया प्रस्तावित है।

Categorized in: