नाराज भाजपाइयों ने सुनाया दुखड़ा, तानाशाही व परिवारवाद जैसे आरोप लगे  

कुसमी। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त बलरामपुर जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल को बलरामपुर जिला अध्यक्ष का दायित्व पार्टी द्वारा सौंपे जाने के बाद मंगलवार को प्रथम कुसमी मंडल में आगमन हुआ। इस मौके पर पार्टी में कार्यकर्ताओं के बीच अंर्तकलह, गुटबाजी सामने आई। कुसमी मंडल अध्यक्ष पर तानाशाही का आरोप भी भाजपा के पदाधिकारियों द्वारा लगाया गया, परिवारवाद के आरोप भी लगे।
कहना है कि भारतीय जनता पार्टी मंडल कुसमी का मंडल अध्यक्ष संजय जायसवाल को बनाने ेके बाद से गुटबाजी चरम पर है। भाजपा के कार्यक्रम आयोजन या प्रदेश व जिला स्तर से किसी पदाधिकारी का आने पर खुलकर गुटबाजी सामने आती है। मंगलवार को भाजपा जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल के आगमन पर भाजपा के कई वरिष्ठ नेता नजर नहीं आए, उन्होंने भाजपा जिला अध्यक्ष का अलग से सिंचाई विभाग के विश्रामगृह में स्वागत किया और पार्टी विरोधी गतिविधियों सहित भाजपा मंडल में चल रही तानाशाह व परिवारवाद की बातों को सामने लाया। भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों के खुलकर मोर्चा खोलने से भाजपा मंडल अध्यक्ष निशाने पर हैं। मंडल अध्यक्ष द्वारा शुरू से ही तालमेल बैठाने का प्रयास नहीं करने से कुसमी मंडल में दो गुट की स्थिति है। ऐसा ही रहा तो आगामी विधानसभा चुनाव में इसका असर देखने को मिलेगा। भाजपा के वरिष्ठ नेता व कुसमी के पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष जन्मजय सिंह ने कहा जब से भाजपा मंडल कुसमी के अध्यक्ष का बदलाव हुआ है, तब से वरिष्ठ नेताओं से किसी प्रकार की सलाह नहीं ली जा रही है, न ही जिला या प्रदेश से कुसमी आने वाले नेताओं की जानकारी दी जाती है। फ्लेक्स बोर्ड में फोटो नहीं लगा कर उन्हें अपमानित करने का प्रयास किया जाता है।
मंडल अध्यक्ष के नेतृत्व में बिश्रामगृह के पास स्वागत
भाजपा मंडल अध्यक्ष कुसमी के नेतृत्व में द्वारा वन विभाग के विश्रामगृह के पास भाजपा जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल का स्वागत किया गया। यहां से पैदल मार्च कर सभी बस स्टैंड कुसमी स्थित सभा स्थल पहुंचे। यहां सभा को जिलाध्यक्ष सहित अन्य भाजपा पदाधिकारियों ने संबोधित किया।

Categorized in: