भाजपा में लगातार हो रहे बदलाव का क्रम लगभग पूरा हो चुका है। प्रदेश में नई टीम बनकर तैयार है। सभी कार्यकर्ता जोश में हैं और अब वे छत्तीसगढ़ सरकार की हकीकत सामने लाएंगे। आगामी चुनाव में अनुभव और युवाओं दोनों को मौका दिया जाएगा। सारे चेहरे बदले जाएंगे ऐसा नहीं है। आगामी चुनाव में सक्रिय लोगों को टिकट दिया जाएगा। यह कहना है भाजपा के प्रदेश सह प्रभारी नितिन नबीन का।

भाजपा क्या इस बार नए चेहरों पर दांव लगाएगी?
पार्टी में बदलाव लगभग पूरे हो चुके हैं, हम अनुभवी नेताओं और युवाओं के जोश दोनों को साथ लेकर चलेंगे, नई पीढ़ी धीरे- धीरे उतरेगी मैदान में

राज्य सरकार की योजनाओं का भाजपा के पास क्या तोड़ है?
– धान केंद्र सरकार खरीद रही है। न्याय योजना से कांग्रेस सिर्फ क्रेडिट ले रही है। गौठान योजना पर सिर्फ धन उगाही हो रही है। राजीव मितान में अपने कार्यकर्ताओं को लाभान्वित किया जा रहा है। रमन सरकार ने 15 सालों में जितना कर्ज नहीं लिया उतना मौजूदा कांग्रेस सरकार ने साढ़े तीन साल में ही ले लिया। पीएम आवास योजना में राज्यांश ना देने की वजह से 8 लाख आवासों को केंद्र सरकार को वापस कर दिया गया। कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया था, साढ़े तीन साल बीत गए आज तक किसी को एक रुपया नहीं मिला।

राम के नाम पर छग में बड़ा काम हो रहा है, आपका क्या कहना है?
– राम का नाम बढ़ा रहे हैं अच्छा है, लेकिन यह करते कुछ हैं और कहते कुछ। एक तरफ ये राम की बात करते हैं और दूसरी तरफ धर्मांतरण हो रहे हैं। इनके मन में रावण है और मुंह पर राम है।

भाजपा में लगातार बदलाव हो रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष, प्रदेश प्रभारी और अब जिला अध्यक्ष बदले गए हैं। क्या यह क्रम आगे भी बढ़ेगा?
– तीन साल पर सामान्यत: परिवर्तन किए जाते हैं। नए जिलों में जिलाध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। अब कहीं कोई जरूरत होगी तभी परिवर्तन किए जाएंगे। हमारे यहां कांग्रेस की तरह 28 साल पर अध्यक्ष नहीं बनते। हमारे यहां 3 साल पर बदलाव एक सामान्य प्रक्रिया है। ‌

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष दोनों ओबीसी हैं। क्या यह जाति की राजनीति की शुरुआत है?
– हमारे तो प्रधानमंत्री भी ओबीसी है। जनता को मुद्दों से मतलब होता है, संगठनात्मक परिवर्तन से नहीं। अगर हमने संयोग से ओबीसी नेताओं को आगे बढ़ाया है तो कांग्रेस डर क्यों रही है। अरुण साव किसी जाति से पहले सांसद हैं, नारायण चंदेल विधायक हैं। यदि आप किसी एक आईने से देखते हैं तो आपके चश्मे में गड़बड़ी है।

कहा जा रहा है कि भाजपा नए चेहरों पर दांव लगाएगी। तो क्या पुराने चेहरे बदले जाएंगे?
– हमें पुराने लोगों का अनुभव मिल रहा है और नए लोगों को हम मौका दे रहे हैं। चुनाव में उन्हीं लोगों को मौका दिया जाएगा जो क्षेत्र में सक्रिय हैं और जनता के सरोकार के कार्य कर रहे हैं। नई पीढ़ी धीरे-धीरे आएगी। पूरे युवा हो जाएंगे और सभी पुराने हटा दिए जाएंगे, ऐसा नहीं है। हम अनुभव और युवाओं के जोश, दोनों को साथ लेकर चलेंगे।

कांग्रेस छत्तीसगढ़ की ग्रामीण संस्कृति को बढ़ावा दे रही है। भाजपा इस मुद्दे पर कैसे जीतेगी?
– छत्तीसगढ़ का सपना भाजपा ने ही पूरा किया था। कांग्रेस केवल छत्तीसगढ़ के लोगों की संवेदनाओं से खेल रही है। विकास के नाम पर पैसा बांटने के अलावा कोई काम किया हो तो बताएं। कोई नया पुल बनाया हो, कोई नया फ्लाईओवर बनाया हो। छत्तीसगढ़िया खेल के नाम पर भी सिर्फ पैसा वसूली हो रही है। खेल को बढ़ावा देने का पैमाना तो यह होना चाहिए कि आपने राष्ट्रीय स्तर पर कितने खिलाड़ी दिए, कितनी नई एकेडमी खोली।

साभार – दैनिक भास्कर

Categorized in: