रायपुर । प्रदेश कांग्रेस की पालिटिकल अफेयर कमेटी (पीएसी) की बैठक शुक्रवार को कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में हुई। इसमें कांग्रेस की संगठनात्मक मजबूती, 2023 के विधानसभा चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की रणनीति पर व्यापक चर्चा हुई। बैठक के बाद मीडिया से चर्चा में प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया ने बताया कि बैठक के दो प्रस्ताव पास हुए।

लंबे समय तक पार्टी का नेतृत्व करने और पार्टी को सेवाएं देने के लिए सोनिया गांधी के प्रतिकृतज्ञता की प्रस्ताव पारित हुआ। दूसरा प्रस्ताव नवनिर्वाचित अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में आने वाली चुनौतियों का मजबूती से सामना करने का प्रस्ताव पास हुआ। पुनिया ने कहा कि हम सब खड़गे के नेतृत्व में कांग्रेस को और मजबूत करेंगे। पालिटिकल अफेयर कमेटी की बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम शामिल नहीं हुए।

मरकाम की गैरमौजूदगी में हुई बैठक में विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति बनाई गई। कांग्रेस के उच्च पदस्थ सूत्रों की मानें तो मरकाम तत्काल बैठक कराने के पक्ष में नहीं थे, लेकिन प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया ने अचानक बैठक आमंत्रित कर ली। यही कारण है कि मरकाम ने बैठक से दूरी बना ली।

इस मामले में मरकाम का पक्ष लेने की कोशिश की गई, लेकिन उनकी तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। बैठक में आदिवासी आरक्षण, धान खरीदी जैसे प्रदेश के मुद्दों पर चर्चा हुई। इसके साथ ही केंद्रीय नेतृत्व की तरफ से प्रदेश कांग्रेस को दिए गए कार्यक्रमों की जिम्मेदारी पर भी चर्चा हुई। प्रभारी पुनिया ने वरिष्ठ नेताओं को आपस में समन्वय रखते हुए आगामी चुनाव में उतरने की नसीहत दी।

पुनिया के अगल-बगल बैठे जय-वीरू

पालिटिकल अफेयर कमेटी की बैठक में चार साल पहले का नजारा देखने को मिला, जब प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया के अगल-बगल मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और मंत्री टीएस सिंहदेव बैठे नजर आए। विपक्ष में रहने के दौरान बघेल और सिंहदेव की जोड़ी को जय-वीरू की जोड़ी बताया जाता था। बीच में विवाद के कारण दोनों नेताओं के बीच दूरी नजर आने लगी थी।

यह पदाधिकारी हुए शामिल

बैठक में प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, एआइसीसी के सचिव डा. चंदन यादव, राजेश तिवारी, मंत्री टीएस सिंहदेव, डा. शिवकुमार डहरिया, अमरजीत भगत, विधायक सत्यनारायण शर्मा, धनेंद्र साहू, खनिज विकास निगम अध्यक्ष गिरीश देवांगन, प्रभारी महामंत्री संगठन अमरजीत चावला, सेवादल प्रदेश अध्यक्ष अरूण ताम्रकार और एनएसयुआई प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडे शामिल हुए।

कांग्रेस की पीएसी की बैठक बिना दूल्हे के बारात जैसी: भाजपा

कांग्रेस की पालिटिकल अफेयर कमेटी (पीएसी) की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम के शामिल नहीं होने पर भाजपा ने तंज कसा है। प्रदेश भाजपा महामंत्री केदार कश्यप ने बैठक को बिना दूल्हे की बारात करार दिया है। केदार ने कहा कि कार्यकाल पूरा करने के बाद भी अध्यक्ष की कुसीर्म पर आसीन मरकाम की कांग्रेस के भीतर क्या स्थिति है, यह हर कोई जानता है।

कांग्रेसियों के बीच चर्चा का विषय यह है कि क्या मरकाम नहीं चाहते थे कि आज बैठक हो या अंदरूनी गुटबाजी या नाराजगी के कारण ऐसा हुआ? इस तरह के कई विषय सामने आ रहे हैं, तो सवाल उठता है कि कांग्रेस की बैठक में जब उसके प्रदेश अध्यक्ष ही शामिल नहीं होते हैं तो कांग्रेस क्या खाक चुनाव जीतेगी?

साभार – JAGRAN NEWS

Categorized in: