अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ सरकार के वन औषधि पादप बोर्ड अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक द्वारा मंत्री टीएस सिंहदेव का निवास घेरने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं को गोली मार देने वाले टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष मधुसुदन शुक्ला ने बयान को घोर आपत्तिजनक, अशोभनीय तथा लोकतांत्रिक परंपराओं के विपरीत बताया है। उन्होंने कहा है कि उनके बयान से ऐसा लगता है जैसे कांग्रेस के ऊपर राजा-महाराजाओं का शासन अब भी सर चढ़ कर बोल रहा है। उन्होंने कहा है कि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन देश के हर नागरिक का अधिकार है, लोकतंत्र में जन प्रतिनिधियों के निवास तथा कार्यालय का घेराव करना पुरानी परंपरा रही है, परंतु श्री पाठक तथा कांग्रेस पार्टी को अपना विरोध किसी भी हालत में स्वीकार नहीं है। आपातकाल के समय विपक्ष के ऊपर गोली चलवाने का वैसे भी कांग्रेस का पुराना इतिहास रहा है। स्थानीय विधायक व छत्तीसगढ़ सरकार में केबिनेट मंत्री टीएस सिंहदेव ने आम जनता को उदयपुर परसा केते कोल ब्लाक एरिया में एक भी पेड़ नहीं कटने का आश्वासन दिया था, आज 43 हेक्टेयर भूमि में दो-तीन दिनों में ही लाखों पेड़ कट गए तब भी टीएस हिदेव मौन रहे। ऐसे में उन्हें वायदे की याद दिलाने बंगले का घेराव भाजपा ने किया था। कांग्रेस व भूपेश सरकार से भारतीय जनता पार्टी यह जानना चाहती है कि छत्तीसगढ़ सरकार में केबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त वन औषधि पादप बोर्ड के अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक के भाजपा कार्यकर्ताओं को गोली मारने वाले बयान का क्या वे समर्थन करते हैं? यदि नहीं तो क्या इस अमर्यादित व गैर जिम्मेदाराना बयान पर भूपेश सरकार श्री पाठक को उनके पद से बर्खास्त करेगी?

Categorized in: