जरही/भटगांव। भटगांव पुलिस ने चोरी के दो मामलों को 12 घंटे के अंदर पर्दाफास कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में भेजा है। आरोपितों ने डीव्हीएम इंटरनेशनल स्कूल व किराना दुकान में चोरी कर सबमर्सिबल पंप, मोटरसाइकिल सहित एक लाख रुपये से अधिक की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। दोनों मामलों में अपराध दर्ज कर पुलिस आरोपितों के तलाश में लगी थी।

इसी कड़ी में पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना पर दोनों चोरी के मामलों में शामिल आरोपितों को गिरफ्तार किया है। स्कूल में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने चोर के साथ चोरी का सामान खरीदने वाले को भी गिरफ्तार किया है।जानकारी के मुताबिक डीव्हीएम इंटरनेशनल स्कूल जरही परिसर से सबमर्सिबल पंप सहित अन्य सामानों की चोरी 19 जुलाई को हुई थी। इस चोरी की रिपोर्ट स्कूल के डायरेक्टर प्रफुल्ल कुमार ने भटगांव थाने में दर्ज कराई थी। पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू ने चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपित की पतासाजी कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।

पुलिस टीम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर व एसडीओपी प्रतापपुर अमोलक सिंह के मार्गदर्शन में चोरों की तलाश कर रही थी। इसी बीच पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि जरही निवासी सूरज राजवाड़े अपने घर में सबमर्सिबल पंप तथा केबल वायर रखा है, जिसे बिक्री के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है। पुलिस ने त्वरित दबिश देकर सूरज राजवाड़े को पकड़ा। पूछताछ करने पर उसने डीव्हीएम स्कूल परिसर से दो नग सबमर्सिबल पंप, तीन पंखा, पाइप व केबल वायर चोरी करना एवं चोरी किए गए सबमर्सिबल पंप व पंखा को जरही निवासी अशोक राय के पास पांच हजार रुपये में बेचने की जानकारी दी। पुलिस ने चोरी के सामानों के खरीदार अशोक राय को कब्जे में लिया और इनकी निशानदेही पर दो सबमर्सिबल पंप, 3 पंखा, 9 पाइप, 120 मीटर केबल कुल कीमत 46 हजार 500 रुपये बरामद किया। पुलिस ने पूर्व में मामले में धारा 457, 380 का अपराध दर्ज किया था, आरोपितों के गिरफ्तार होने के बाद पृथक से धारा 411 जोड़ा गया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी भटगांव शरद चंद्रा, एसआइ बीएम गुप्ता, प्रधान आरक्षक रजनीश पटेल, व प्रहलाद पैकरा सक्रिय रहे।

दुकान से मोटरसाइकिल, किराना सामान व नगदी चोरी करने वाला गिरफ्तारफोटो-भटगांव थाना क्षेत्र के ग्राम सकलपुर के तामेश्वर राजवाड़े के किराना दुकान से 19 जुलाई की रात्रि हुई मोटरसाइकिल व किराना सामान तथा नगद 560 रुपये की चोरी के मामले में पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर चोरी गए सामानों को बरामद कर लिया है। घटना की रिपोर्ट किराना दुकान संचालक ने भटगांव थाने में दर्ज कराई थी, जिस पर पुलिस चोर के तलाश में लगी थी। इसी क्रम में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सकलपुर निवासी राकेश सिंह उर्फ पिनर तमोरपारा स्कूल ग्राउंड के पास बांस बाड़ी में एक मोटरसाइकिल छिपाकर रखा है। सूचना पर थाना भटगांव की पुलिस ने दबिश देकर राकेश सिंह को पकड़ा। पूछताछ करने पर उसने किराना दुकान मेें चोरी करना स्वीकार किया। आरोपित की निशानदेही पर एक पैशन प्रो मोटरसाइकिल, किराना सामान व नगदी रकम 560 रुपये कुल 45 हजार रुपये का सामान बरामद कर आरोपित को न्यायिक रिमांड में भेजा गया। गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी भटगांव शरद चन्द्रा, एसआइ बीएम गुप्ता, एएसआइ विरेन्द्र यादव, प्रधान आरक्षक रजनीश पटेल, प्रहलाद पैकरा व कैलाश यादव सक्रिय रहे।

Categorized in: