गिरजा ठाकुर

अंबिकापुर। दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं पर विराम लगाने के लिए पुलिस की नजर बिना नंबर की दौड़ती वाहनों पर है, इसके अलावा अमानक साइलेंसर लगा शहर में फर्राटा भरने वाले, सिरदर्द बने वाहन चालक पुलिस के निशाने पर हैं। सरगुजा रेंज के आईजी व पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस मामले में कार्रवाई करना शुरू की है। कार्रवाई के दौरान पकड़ में आए वाहनों के चालक अगर पुन: यातायात नियमों का पालन नहीं करते नजर आते हैं, तो उन्हें अपनी गाड़ी प्राप्त करने के लिए न्यायालय का चक्कर काटना पड़ सकता है।  यातायात नियमों का पालन कराने व चोरी गई वाहनों की पतासाजी में आने वाली दिक्कत दूर करने पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज अजय यादव (भापुसे) के मार्गदर्शन में पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता (भापुसे) ने बिना पंजीकृत दोपहिया वाहन के चालकों व अमानक साइलेंसर लगाकर शहर में फर्राटा भरने वालों पर सख्त कार्रवाई करने जिले के सभी थाना व चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए हैं। अमानक साइलेंसर युक्त वाहन के चालक आए दिन आम राहगीरों व सामान्य वाहन चालकों के लिए खतरा-ए-जान साबित हो रहे हैं। इसकी शिकायतें आए दिन पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को मिल रही थी। इसके निराकरण हेतु पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने बिना नंबर के वाहनों पर कार्रवाई के साथ ही अमानक साइलेंसर लगाकर शहर में ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाल वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई के लिए निर्देशित किया है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला, नगर पुलिस अधीक्षक अखिलेश कौशिक के नेतृत्व में मंगलवार को प्रशिक्षु उप पुलिस डॉ.प्रशांत देवांगन एवं थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह की टीम द्वारा चौपाटी एवं शहर के मुख्य मार्ग पर यातायात व्यवस्था के सुचारू संचालन, अमानक साइलेंसर, बिना नंबर के वाहनों पर कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान अमानक साइलेंसरों को निकलवाकर नियमों के अधीन सामान्य साइलेंसर लगवाया गया और चालानी कार्रवाई कर वाहन मालिकों को यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई। दोबारा अमानक साइलेंसर पाए जाने पर वाहन मालिकों के खिलाफ न्यायालयीन कार्रवाई करने की हिदायत दी गई है। इस दौरान बिना नंबर के वाहन के संचालकों को रजिस्ट्रेशन कराने की सख्त हिदायत देकर चालानी कार्रवाई करके छोड़ा गया। सरगुजा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि बिना रजिस्ट्रेशन के वाहन न चलाएं एवं वाहनों में अमानक साइलेंसर का प्रयोग न करें। यह कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। कार्रवाई में पुलिस अधिकारियों के साथ उप निरीक्षक डाकेश्वर सिंह, प्रधान आरक्षक नयन साय पैकरा, आरक्षक इदरिश खान, अमित ज्ञान खलखो, संजय एक्का, सैनिक राकेश कुशवाहा शामिल रहे।  

Categorized in: