गिरजा ठाकुर

अम्बिकापुर। शादी का झांसा देकर युवतियों से दुष्कर्म जैसे मामले आए दिन सामने आते हैं, लेकिन गांधीनगर थाना क्षेत्र में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें युवती पहले युवकों को प्रेमजाल में फंसाती, फिर शादी का दबाव बनाकर ब्लैकमेल करने लगती। नौजवान से लेकर ढलती उम्र में पहुंच रहे लोग इस युवती के झांसे में आकर ब्लैकमेलिंग का शिकार होते रहे। अगर रुपये नहीं मिले तो वह थाने की दहलीज तक पहुंचने की धमकी देकर भयादोहन करने लगती। ऐसी ही पीड़ा झेल रहे एक परिवार ने गांधीनगर थाने पहुंचकर अंबिकापुर के बिलासपुर चौक, लक्ष्मीपुर की युवती की करतूत से पुलिस को अवगत कराया। विवेचना के बाद पुलिस ने आरोपित युवती को हिरासत में लेकर न्यायिक रिमांड में भेज दिया है।  उल्लेखनीय है कि महिला संबंधी अपराधों के विरूद्ध सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक व पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गूंज अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का यह अभियान महिलाओं के लिए है, लेकिन अभियान के तहत किसी पुरूष की नहीं बल्कि एक महिला की गिरफ्तारी पुलिस ने की है, जिसके शिकार उम्रदराज तक हो रहे थे। गांधीनगर थाना पुलिस ने सोशल मीडिया में फर्जी फेसबुक, इंस्टाग्राम आईडी बनाकर परेशान करने की एक शिकायत को गंभीरता से लिया और युवती को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने युवती से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन को भी जब्त किया है। एक पीडि़त ने थाना गांधीनगर थाने में आवेदन पेश कर जानकारी दी थी कि जोया उर्फ प्रेमा साहू उर्फ प्रेमा माया जायसवाल के द्वारा फेक इंस्टाग्राम तथा फेसबुक पर उसके तथा परिवार के संबंध में आपत्तिजनक संदेश पोस्ट कर उन्हें बदनाम व प्रताडि़त किया जा रहा है। पुलिस ने शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपित युवती के विरूद्ध धारा 509 ख भादवि 67 आइटी एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया। पुलिस ने सायबर सेल से तकनीकि जानकारी प्राप्त कर आरोपिता के बारे में जानकारी हासिल की और पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज अजय यादव के मार्गदर्शन एवं पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में आरोपित की गिरफ्तारी के लिए आपरेशन गूंज चलाकर इनकी शीघ्र गिरफ्तारी हेतु अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरगुजा विवेक शुक्ला, नगर पुलिस अधीक्षक अखिलेश कौशिक के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपित युवती को हिरासत में लिया। आरोपिया जोया उर्फ प्रेमा साहू उर्फ प्रेमा माया जायसवाल पिता जगमोहन साहू 22 वर्ष निवासी बिलासपुर चौक, लक्ष्मीपुर से घटना में प्रयुक्त मोबाइल को पुलिस ने जब्त किया और न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कलीम खान, उप निरीक्षक रश्मि सिंह, महिला प्रधान आरक्षक राधा यादव, आरक्षक अरविंद उपाध्याय, अमृत सिंह, प्रविन्द्र सिंह, उमा शंकर साहू, समिनुल फिरदौसी, अतुल सिंह, महिला आरक्षक सरला टोप्पो, सायबर सेल से प्रधान आरक्षक सुधीर सिंह, आरक्षक अनुज जायसवाल, अंशुल शर्मा, विरेन्द्र पैकरा सक्रिय रहे।

Categorized in: