रामानुजगंज। ग्राम पंचायत आरागाही में ओमकार सेवा समिति के तत्वधान में जिला पंचायत के सभापति राजेश यादव के नेतृत्व में आयोजित क्षेत्रीय फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल झारखंड के आदर्श क्लब फुटबॉल टीम व छत्तीसगढ़ के एफसी इलेवन फुटबॉल टीम के बीच 30 दिसंबर को आयोजित होगा।
उक्ताशय की जानकारी देते हुए आयोजन समिति के प्रमुख राजेश यादव ने बताया आरागाही के मैदान में क्षेत्रीय फुटबॉल टूर्नामेंट में छत्तीसगढ़ एवं झारखंड की 32 टीमों के द्वारा भाग लिया गया। फुटबॉल टूर्नामेंट का शानदार मुकाबला 20 दिनों तक चला, जिसका फाइनल मैच 30 दिसंबर को होगा। फाइनल मैच के आयोजन को लेकर तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला देखने के लिए दर्शकों में भी उत्साह चरम पर है। फाइनल मुकाबला देखने के लिए छत्तीसगढ़ के खेलप्रेमी उपस्थित रहेंगे। झारखंड से भी बड़ी संख्या में खेलप्रेमी पहुंचेंगे।
महिला टीम का 30 को फाइनल मुकाबला
क्षेत्र में पहली बार फुटबॉल टूर्नामेंट में महिला टीमों के बीच मुकाबला हुआ, जिसका फाइनल मैच 30 दिसंबर को झारखंड के ही दो टीमों के बीच होगा, जिसमें एकता क्लब भंडरिया एवं शांति क्लब रमकंडा की महिला फुटबॉल टीम के बीच मुकाबला होगा।
फाइनल मुकाबले के लिए सजा खेल मैदान
फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले के लिए पूरे खेल मैदान को सजाया गया है, वहीं फाइनल मुकाबले के लिए व्यापक स्तर में तैयारियां की गई हैं। बाजा, आतिशबाजी के साथ रंगारंग कार्यक्रम के बीच फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल का आगाज होगा।

Categorized in: