छ.ग.फ्रंटलाइन
रामानुजगंज। नया साल रामानुजगंज वासियों के लिए स्वास्थ्य सुविधा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि लेकर आने वाला है। यहां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर 114 गांव, 5 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं 40 उप स्वास्थ्य केंद्र एवं करीब दो लाख की जनसंख्या स्वास्थ्य लाभ के लिए निर्भर है। जनप्रतिनिधियों की मांग और विधायक बृहस्पत सिंह की विशेष पहल पर नए साल में रामानुजगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र 100 बेड हॉस्पिटल का स्वरूप ले लेगा। क्षेत्रवासियों के द्वारा लंबे समय से स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को सर्वसुविधायुक्त करने व विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति की मांग की जा रही थी। विधायक वृहस्पति सिंह की पहल पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को 100 बेड करने का प्रस्ताव बजट में सम्मिलित किया था। इसी क्रम में कलेक्टर विजय दयाराम के. ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का दौरा कर आवश्यक तैयारियों का जायजा लिया है और क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिले, इसके लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। विधायक बृहस्पत सिंह ने बताया कि करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से 100 बेड अस्पताल में स्वास्थ्य सेवा की बढ़ोतरी के लिए कार्य होंगे, जिसमें विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवा ली जाएगी। 100 बेड अस्पताल के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आभार व्यक्त किया है।
94 पदों की मिली स्वीकृति
100 बेड हॉस्पिटल के लिए अस्पताल अधीक्षक, मेडिकल विशेषज्ञ, सर्जिकल विशेषज्ञ, निश्चेतना विशेषज्ञ, शिशु रोग विशेषज्ञ, रेडियोलॉजिस्ट, ईएनटी, पीजीएमओ, नेत्र रोग विशेषज्ञ, अस्थि रोग विशेषज्ञ, स्त्री रोग विशेषज्ञ, दंत चिकित्सक सहित चिकित्सा अधिकारी के आठ पद सहित कुल 94 पदों की स्वीकृति प्रदान की गई है।
इन कार्यों की मिली स्वीकृति
संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं रामानुजगंज ने 100 बेड अस्पताल के लिए 20 बिस्तर आईसीयू, 10 बिस्तर एचडीयू,10 बिस्तर शिशु आईसीयू, ऑक्सीजन युक्त 30 बिस्तर की व्यवस्था, माड्यूलर ऑपरेशन थिएटर की स्थापना, माड्युलर ऑपरेशन थिएटर, स्त्री रोग स्थापना सहित अन्य कार्यों के लिए स्वीकृति प्रदान की है।
क्षेत्रवासियों के लिए बड़ा उपहार-रमन
नगर पंचायत अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने कहा रामानुजगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को 100 बेड किया जाना स्वास्थ्य सेवाओं की दृष्टि से क्षेत्रवासियों के लिए बड़ा उपहार है। क्षेत्र की करीब दो लाख की जनसंख्या रामानुजगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर निर्भर है, ऐसे में अस्पताल क्षेत्र के लोगों के लिए वरदान साबित होगा। उन्होंने इसके लिए क्षेत्रीय विधायक वृहस्पति सिंह व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आभार व्यक्त किया।
ओटी का कार्य पूर्ण-कलेक्टर
कलेक्टर विजय दयाराम के. ने कहा कि रामानुजगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ओटी का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। हम लोगों का प्रयास है कि 15 जनवरी से पूर्व 100 बेड हॉस्पिटल प्रारंभ हो जाए। डॉक्टरों की नियुक्ति की प्रक्रिया जल्द प्रारंभ की जाएगी।

Categorized in: